रायपुर,राजधानी रायपुर में एक महिला कोरोना वायरस पॉजिटिव पाई गई है। एम्स के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ.करण पिपरे ने ये जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि महिला और उसका पूरा परिवार कुछ दिन पहले विदेश से वापस भारत पहुंचा था। 13 मार्च को महिला का ब्लड सैंपल लिया गया था। अब टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। फिलहाल, महिला का इलाज रायपुर एम्स में किया जा रहा है। महिला के परिवार के अन्य सदस्यों को भी आइसोलेट किया गया है। डॉ.करण पिपरे के मुताबिक छत्तीसगढ़ में कोरोना की पहली मरीज मिली है। डॉक्टरों की टीम निगरानी कर रही है।
डॉ.पिपरे के मुताबिक एम्स में 12 बिस्तर का आईसोलेशन वार्ड तैयार है। अस्पताल में हेल्प डेस्क तैयार कर लिया गया है। संदिग्ध मरीजों की लगातार स्क्रिनिंग की जा रही है। साथ ही लोगों से सतर्क रहने और पैनिक नहीं होने की भी अपील मेडिकल सुपरिटेंडेंट ने की है। कोरोना वायरस से एहतियात के तौर पर सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। छग सरकार अब बाजार में मास्क और सेनिटाइजर की उपलब्धता की नियमित मॉनिटरिंग करने वाली है। दरअसल,बुधवार को खाद्य सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने सभी कलेक्टरों को पत्र भेजकर जिले में मास्क 2 प्लाई और 3 प्लाई सर्जिकल मास्क, एन 95 मास्क और हैंड सेनिटाइजर, एल्कोहल बेस्ड फ्लोर क्लिनर, लिक्विड सोप, हैण्डवॉश की बाजार में उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए है।