कांग्रेस के दो विधायकों रघुराज कंसाना और हरदीप सिंह डंग का अब तक नहीं लग रहा पता

भोपाल,प्रदेश कांग्रेस के दो विधायकों का अभी भी पता नहीं चल रहा है। लापता विधायकों में मुरैना विधायक रघुराज कंषाना एवं हरदीप सिंह डंग का शामिल है। बीते दिनों आई हॉर्स ट्रेडिंग की खबरों के बाद लापता हुए विधायक कंषाना का अभी तक कोई पता नहीं है। उनके घर पर भी समर्थक भी सीधे तौर पर कुछ कहने से बच रहे हैं। पूछने पर यहीं कहते हैं कि विधायक को लेकर उन्हें कोई जानकारी नहीं है। विधायक के बड़े भाई संजीव उर्फ बंगाली कंषाना से फोन पर बात की गई तो उन्होंने कहा कि वे खुद फरीदाबाद में हैं और विधायक को तलाशने के लिए आए हैं। विधायक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही है। रविवार को तो उनका पता नहीं चला है। यदि रात तक उनका पता नहीं चलता है तो वे सोमवार को पुलिस में शिकायत करेंगे।
संजीव कंषाना के मुताबिक भाजपा के किसी भी व्यक्ति ने उनसे संपर्क नहीं किया है। हालांकि भाई के लापता होने के बाद कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह से उनकी बात जरूर हुई है। जब उनसे पूछा गया कि दिग्विजय सिंह से क्या बात हुई तो उन्होंने ज्यादा कुछ कहने से इंकार कर दिया। वर्तमान में कांग्रेस विधायक रघुराज सिंह कंसाना और हरदीप सिंह डंग लापता हैं। हालांकि डंग ने अपना इस्तीफा भेजा है पर वे अब तक सामने नहीं आए हैं।उधर क्षेत्रीय विधायक के इस तरह पिछले 4-5 दिन से लापता होने से कांग्रेस ही नहीं भाजपा के राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाएं गर्म है। सभी ये मान रहे हैं कि वे बेंगलुरु में हो सकते हैं क्योंकि उनके साथ गायब हुए निदर्लीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा बेंगलुरु में ही थे और दिल्ली के रास्ते भोपाल आ गए थे। कांग्रेस विधायक बिसाहू लाल भी इसी तरह वापस आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *