शिवराज का मुंह बहुत चलता है, वह श्रेय लेने की राजनीति करते हैं- कमलनाथ

छिंदवाड़ा,मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को यहाँ आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि शिवराज श्रेय की राजनीति करते हैं। उनका मुंह बहुत चलता है और झूठ बोलने के लिए चलता है। नाथ ने भाजपा पर भी निशाना साधा है। इस बार उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे हैं। कमलनाथ ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक वह है जो पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी ने 1971 में की थी। इन्हें (भाजपा) ध्यान नहीं कि इंदिराजी की सरकार के समय 90 हजार पाकिस्तानी जवानों ने समर्पण किया था। ये उसकी बात नहीं करेंगे। ये कहते हैं कि मैंने सर्जिकल स्ट्राइक की, कौन सी सर्जिकल स्ट्राइक की? कब और कहां सर्जिकल स्ट्राइक? इसके बारे में देश को खुलकर बताइए।
मुख्यमंत्री ने गुरूवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र छिंदवाड़ा में एक गौशाला के लोकार्पण के दौरान कहा कि देश की जनता जानना चाहती है कि सर्जिकल स्ट्राइक कब हुआ, कहां हुआ। इसका क्या परिणाम हुआ। सिर्फ मुंह से कह देने भर से काम नहीं चलेगा। हम सर्जिकल स्ट्राइक पर शक नहीं कर रहे, लेकिन पीएम देश की जनता को तो इस बारे में बताएं।
पीएम क्यों नहीं करते रोजगार की बात
सीएम कमलनाथ ने छिंदवाड़ा में कहा कि पीएम किसी भी सभा या रैली में किसान और रोजगार की बात नहीं करते। देश में बेरोजगारी बढ़ रही है। उन्होंने उंगली उठाई कि पीएम राष्ट्रवाद की बात करते हैं, लेकिन एक भी स्वतंत्रता सेनानी बीजेपी में नहीं है। जनता अब बीजेपी को समझ गई है। इसलिए अब उसे गुमराह नहीं किया जा सकता।
हम घोषणा नहीं काम करते हैं
मुख्यमंत्री ने कहा, हम मोदीजी की तरह बड़ी-बड़ी घोषणाएं नहीं करते। हमने कभी छिंदवाड़ा में बड़ी-बड़ी घोषणाएं नहीं की। कभी सड़क, अस्पताल और विश्वविद्यालय बनाने की घोषणा नहीं की। लेकिन काम करके दिखाया। हमें अपनी नई पीढ़ी के लिए नए देश और प्रदेश का निर्माण करना है।
हर पंचायत मुख्यालय में खुलेंगी गौ-शालाएं
मुख्यमंत्री ने कहा है कि गौ-वंश के संरक्षण के साथ ही गौ-शालाएं ग्रामीण क्षेत्रों में आय वृद्धि का साधन बनें, सरकार इस लक्ष्य के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में हर पंचायत मुख्यालय में गौ-शालाओं का निर्माण किया जा रहा है। सरकार बनते ही हमने वचन-पत्र के इस वादे को पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ-संरक्षण के प्रति सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गौ-मूत्र और गोबर से जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ ही इनके विभिन्न उत्पादों के विपणन को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे गौ-पालन से जुड़े लोगों की आय में वृद्धि होगी।
प्रदेश के विकास का आधार है छिन्दवाड़ा मॉडल
कमल नाथ ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के विकास के लिए एक नए नजरिए और दृष्टिकोण के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास का आधार छिंदवाड़ा मॉडल को बनाया गया है। इस तर्ज पर सभी क्षेत्रों में विकास की पहल की गई है। रोजगार के लिए निवेश का एक नया माहौल बनाया गया है, जिसके परिणाम मिलने शुरु हो गए हैं। इसके लिए उद्योग स्थापना से जुड़ी प्रक्रियाओं को सुगम और सरल बनाया गया है। निवेशकों का इससे मध्यप्रदेश में विश्वास बढ़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *