जम्मू/कटड़ा, जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने कहा है कि इस देश में धनवान लोगों का एक ऐसा वर्ग भी है, जो ‘सड़े हुए आलू’ की तरह है। उन्होंने कहा कि तमाम पैसों के बावजूद भी यह लोग किसी भी तरह की चैरिटी या शिक्षा के सुधार के लिए कोई काम नहीं करते हैं।
मलिक ने यहां के प्रसिद्ध श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए ऐसा कहा। समारोह के दौरान राज्यपाल ने मेधावी छात्र-छात्राओं को उपाधि भी प्रदान की। विद्यार्थियों को अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि राज्यपाल का पद इतना शक्तिशाली भी नहीं है कि उसे अपने दिल की कोई बात कहनी हो तो वह कोई प्रेस कॉन्फ्रेंस भी कर सके। राज्यपाल ने दीक्षांत समारोह के दौरान कश्मीर घाटी के लोगों के बारे में बात करते हुए कहा, ‘जितने लोग यहां सोसायटी, धर्म, हुर्रियत और मुख्यधारा के नेता कहे जाते हैं, ये दूसरों को कॉल देकर मरवाते हैं। इसमें किसी का बच्चा नहीं मरा है। किसी का बच्चा आतंकवाद में नहीं है। सबके बच्चे बाहर पढ़ रहे हैं। अच्छा पैसा कमा रहे हैं। आम आदमी और उसके बच्चों को जन्नत का रास्ता दिखाइए और मरवा दीजिए। (कश्मीर में) ये होता रहा है।’