हरियाणा के पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर प्रचार में उतरे, हुड्डा के खिलाफ करेंगे प्रचार

रोहतक, कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद हरियाणा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने अब पार्टी के खिलाफ बागी रुख अपना लिया है। तंवर ने कहा है कि वो कांग्रेस का नाश करने वालों के खिलाफ पूरे प्रदेश में प्रचार करेंगे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा को निशाने पर लिया। रविवार को कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर रोहतक पहुंचे और यहां पर्यटक केंद्र में उन्होंने केक काटकर जुल्म दिवस मनाया। उन्होंने पूर्व सीएम हुड्डा पर तंज कसा और कहा कि हरियाणा में पुत्र मोह में पार्टी का सत्यानाश हुआ है। उन्होंने पार्टी के लिए दिन रात काम किया था, लेकिन उनका पांच साल का संघर्ष नहीं दिखा, बल्कि 14 दिन की चौधर देखी गई है। उन्होंने कहा कि वह गढ़ी सांपला-किलोई विधानसभा जाकर देखेंगे कि हाल कैसा है जनाब का और किलोई में कांग्रेस का नाश करने वालों के खिलाफ चुनाव प्रचार करेंगे। बता दें कि गढ़ी-सांपला सीट से भूपिंदर सिंह हुड्डा चुनाव लड़ रहे हैं। तंवर ने यह कहा कि वह अच्छे प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करेंगे फिर चाहे वो किसी भी दल से हों। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन्होंने कांग्रेस को तोड़ने का काम किया, उनके खिलाफ अब मेरा सुदर्शन चक्र काम करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *