दिग्विजय आखिर कांग्रेस को कब तक डराएंगे, वनवासी थे फिर मलाई खाने क्यों आ गए- उमंग

भोपाल, दिग्विजय के विरोध में खुलेआम मुखर हुए वनमंत्री उमंग सिंघार ने मंगलवार को कहा कि दिग्विजय सिंह देश में ध्रुवीकरण कर रहे हैं। वो जबरन कमल नाथ सरकार को ब्लैकमेल करते हैं। सिंघार ने कहा कि दिग्विजय आखिर कांग्रेस को कब तक डराएंगे। 10 साल तक मुख्यमंत्री रहे हैं। कांग्रेस फिर से सत्ता में आई तो मलाई काटने क्यों आ गए? वे चुनिंदा विधायक और मंत्री के नाम पर ब्लैकमेल कर रहे हैं। मैं चाहता हूं कि जनता को रेत सस्ती मिले। फिर क्यों वह अपने ठेकेदारों को घुसेड़ते हैं। सरकार पर दबाव बनाते हैं। बच्चों की तरह जिद करते हैं। दिग्विजय संभागीय स्तर पर मीटिंग करते हैं। सिंघार ने आरोप लगाया कि दिग्गी ट्रांसफर पोस्टिंग कराते हैं और मंत्रियों को चिट्ठी लिखकर उसे वायरल करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दिग्विजय सिंह ने उनसे मिलने का समय मांगा है। इसलिए वे सारे काम छोड़कर उनके इंतजार में बैठे हैं। वह इस मामले में कमल नाथ से भी मुलाकात करेंगे।
कमल नाथ के दम पर बनी सरकार, वे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं
सिंघार ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार दिग्विजय सिंह ने नहीं बनाई है। यह सरकार कमल नाथ ने बनाई है और नाथ सबसे अच्छा काम कर रहे हैं, लेकिन दिग्विजय बेवजह हस्तक्षेप कर रहे हैं।
तीन दिन से सिंघार के निशाने पर दिग्गी
गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह ने सरकार के मंत्रियों को पत्र लिखकर कार्यशैली पर सलाह दी है। इसके बाद मंत्रियों में रोष है, लेकिन सिंघार इस पत्र के विरोध में सार्वजनिक रूप से सामने आ गए। रविवार को सिंघार ने कहा कि दिग्विजय सिंह पत्र लिखकर सरकार में जबरन हस्तक्षेप कर रहे हैं। सोमवार को उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर दिग्विजय की करतूत को बताया। मंगलवार को उन्होंने मीडिया के माध्यम से दिग्विजय को ब्लैकमेल करने वाला करार दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *