मुंबई में भारी बारिश, कई स्थानों पर पानी भरा, भारी बारिश का अलर्ट

मुंबई,मुंबई में मॉनसून ने दस्तक दे दी है। इसके बाद कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है। मॉनसून की धीमी शुरुआत के बाद रफ्तार पकड़ते हुए शहर के कई इलाकों में शुक्रवार को भारी बारिश हुई। कई जगहों पर जलभराव की वजह से जाम की स्थिति बन गई है। वहीं, तेज हवाओं के साथ बारिश के कारण दृश्यता भी काफी कम हो गई है। भारी बारिश का लोकल ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है। मौसम विभाग ने मुंबई और उसके आस-पास भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस बीच बीएमसी ने किसी भी अनहोनी से बचने के लिए लोगों को मेनहोल खोलने से मना किया है। फिलहाल बारिश से मुंबई की लाइफलाइन लोकल पर कोई खास असर नहीं देखा जा रहा है। हालांकि कुछ स्टेशनों पर मुसाफिर फंस गए हैं।
वहीं, मुंबई मेट्रो की सेवाएं भी सुचारु रूप से चल रही हैं। वेस्टर्न रेलवे रूट पर लोकल ट्रेनों का संचालन सामान्य है, जबकि सेंट्रल लाइन पर ट्रेनें 30 मिनट तक की देरी से चल रही हैं। पश्चिमी रेलवे ने ट्वीट किया, ‘मुंबई में मॉनसून आ गया है। वेस्टर्न रेलवे के उपनगरीय इलाकों में कुछ जगह भारी बारिश हो रही है। लोकल ट्रेनें सामान्य रूप से चल रही हैं। उनके संचालन में कोई बाधा नहीं है।
काफी समय से बारिश का इंतजार कर रहे शहरवासियों को गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन जलभराव के कारण परेशानी का सामना भी करना पड़ा है। अंधेरी और सायन स्टेशनों पर जलभराव की वजह से लोगों को दिक्कत हो रही है। इसके अलावा एयरपोर्ट, एसवी रोड, पवई, जुहू और वीरा देसाई रोड इलाके में भी जलभराव की स्थिति बन गई है। बारिश की वजह से उपनगरीय इलाकों के लोकल स्टेशनों पर काफी भीड़ जमा हो गई है। वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे पर भारी ट्रैफिक देखा जा रहा है। बारिश के बाद ट्रैफिक रेंगते हुए चल रहा है। अंधेरी और कुर्ला रोड पर जलभराव की वजह से ट्रैफिक जाम हो गया। शुक्रवार सुबह मुंबई एयरपोर्ट पर दृश्यता कम थी। इस वजह से एक फ्लाइट को डायवर्ट किया गया था।
पालघर जिले में बिजली गिरने से आठ साल के एक बच्चे की मौत हो गई। जिला आपदा कंट्रोल रूम के अधिकारी विवेकानंद कदम का कहना है कि सतकोर गांव में यह हादसा हुआ। स्काईमेट के मुताबिक महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों खास तौर से मुंबई, ठाणे, रत्नागिरी और आसपास के इलाकों में अगले 24-36 घंटे भारी बारिश होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *