शिवराज को मिली जिम्मेदारी, भाजपा 15 दिन में बनाएगी 20 फीसदी नए सदस्य

भोपाल, लोकसभा चुनाव में भारी जीत हासिल करने के बाद अब भाजपा ने अपना कुनबा और बढ़ाने की रणनीति पर अमल करना शुरू कर दिया है। भाजपा ने 15 दिन में 20 फीसदी नए सदस्य जोडऩे का लक्ष्य रखा है और इस काम को पूरा करने की जिम्मेदारी मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान को दी गई है। शिवराज अब 15 दिन में सवा 2 करोड़ नए सदस्य बनाएंगे। शिवराज का सहयोग करने के लिए दुष्यंत गौतम, सुरेश पुजारी, अरुण चतुर्वेदी और शोभा सुरेंद्रन को उपसंयोजक बनाया गया है। शिवराज अपनी टीम से विचार विमर्श के बाद शीघ्र ही सदस्यता अभियान की तारीखों की घोषणा करेंगे। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी मुख्यालय 6ए, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर बैठक बुलाई। इसमें कैलाश विजयवर्गीय, वसुंधरा राजे, उमा भारती, दिलीप घोष, विनय सहस्त्रबुद्धे, जेपी नड्डा और भूपेंद्र यादव शामिल हुए। गौरतलब है कि 2014 के बाद भाजपा के सदस्यों की संख्या 11 करोड़ हुई और उनमें से 10 लाख से अधिक सदस्यों को विधिवत प्रशिक्षण भी दिया गया है।
हर प्रदेश में होंगे संयोजक और उपसंयोजक
प्रदेश संगठन के प्रभारियों और अन्य पदाधिकारियों की इस बैठक में फैसला किया गया कि केंद्रीय सदस्यता टीम का सहयोग करने के लिए प्रत्येक प्रदेश में अलग से संयोजक और उपसंयोजक बनाए जाएंगे।
दक्षिण में पैठ बढ़ाएगी भाजपा
देश में मजबूत ढंग से सत्ता में वापसी के बावजूद अभी भाजपा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन सामने नहीं आया है। पार्टी तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश और केरल जैसे दक्षिण भारत के राज्यों में अपना आधार बढ़ाने के लिए प्रयास करेगी। जिन राज्यों में पार्टी ने लगभग सभी सीटों पर जीत दर्ज की है उसमें भी वह जनता के बीच अपनी पैठ सुधारने की कोशिश करेगी। नया अध्यक्ष चुने जाने के पहले सदस्यता अभियान का पूरा होने के साथ ही बूथ, मंडल, जिला और प्रदेश स्तर के सांगठनिक चुनाव होंगे। इसमें कम से कम तीन से चार महीने का समय लग सकता है। अक्टूबर महीने में ही महाराष्ट्र, झारखंड और हरियाणा राज्यों के विस चुनाव होने हैं। इस तरह भाजपा ने इशारा कर दिया है कि इन राज्यों के चुनाव वर्तमान अध्यक्ष अमित शाह की अगुवाई में ही लड़े जा सकते हैं। शाह का तीन साल का कार्यकाल इस साल की शुरुआत में खत्म हो चुका है लेकिन पार्टी ने उनसे संगठन के चुनाव होने तक कामकाज संभालने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *