दिल्ली में पारा 48 डिग्री सेल्सियस पहुंचा, गर्मी ने तोड़े अब तक के सारे रेकॉर्ड

नई दिल्ली, सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में गर्मी ने अपने सारे रेकॉर्ड तोड़ दिए और पारा 48 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम की जानकारी देने वाली प्राइवेट एजेंसी ‘स्काइमेट’ के मुताबिक सोमवार का दिन राष्ट्रीय राजधानी के अब तक के इतिहास का सबसे गर्म दिन रहा। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक पालम में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ज्ञात रहे कि प्री-मॉनसून में देरी के बीच रेकॉर्ड तापमान और गर्म हवा के थपेड़ों ने दिल्लीवासियों की परेशानी बढ़ा रही है।
उधर, मौसम विभाग ने बताया है कि राजस्थान के चुरू में सोमवार को तापमान 50.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी में सुबह तेज धूप निकली और दोपहर होते-होते गर्म हवाएं चलने लगीं। सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के मुताबिक, लू से अगले दो दिनों तक राहत नहीं मिलेगी और धूल भरी आंधी चलेगी।
उधर राजस्थान के चुरू शहर में पहले से ही तापमान 50 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है। चुरू गर्मी से इन दिनों बुरी तरह तप रहा है। बीते कई दिनों से यहां पारा 50 डिग्री के पार चला जाता है। आलम यह है कि लोगों ने अपने काम के घंटे भी मौसम के अनुसार ही तय कर लिए हैं। यहां सोमवार को तापमान 50.3 डिग्री सेल्सियस था।
भारत मौसम विभाग के क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान प्रमुख ने बताया, ‘गर्म पछुआ हवाओं, पश्चिम विक्षोभ का मैदानी इलाकों पर कोई प्रभाव नहीं होना और जून के महीने की भीषण गर्मी के कारण तापमान इतना ज्यादा हुआ है।’ उन्होंने कहा, ‘दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के कारण संभवत: मंगलवार को तापमान में एक-दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आए लेकिन लू चलती रहेगी।’
मौसम विभाग के अनुसार यदि किसी क्षेत्र में तापमान लगातार दो दिन 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहे तो वहां लू की स्थिति घोषित कर दी जाती है। यदि पारा 47 डिग्री या उससे ऊपर चला जाए तो लू की गंभीर स्थिति बन जाती है। विभाग ने बताया कि दिल्ली जैसे शहरों में अगर तापमान एक दिन भी 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला जाए तो लू की स्थिति घोषित कर दी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *