दूसरे चरण की 95 सीटों के लिए 61.12 % मतदान

नई दिल्ली,17वीं लोकसभा के दूसरे चरण का मतदान गुरुवार को संपन्न हो गया। 11 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की कुल 95 सीटों पर 61.12 फीसदी मतदान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पश्चिम बंगाल में हिंसा के बीच भी सर्वाधिक मतदान हुआ। देशभर से ईवीएम में गड़बडिय़ों की शिकायत सामने आई है।
दूसरे चरण के मतदान के बाद केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने बताया कि अब तक 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चुनाव प्रक्रिया खत्म हो चुकी है। चुनाव आयोग के अधिकारी उमेश सिन्हा ने बताया कि कुछ स्थानों से अंतिम आंकड़े आना बाकी हैं।
गौरतलब है कि निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव-2019 कुल सात चरणों में कराने का ऐलान किया है। इसके तहत गत 11 अप्रैल को 91 सीटों पर पहले चरण का मतदान समाप्त हुआ था। तीसरे चरण की वोटिंग 23 अप्रैल को होगी। दूसरे चरण के लिए 13 राज्यों की 97 सीटों पर मतदान होना था। लेकिन, त्रिपुरा की पूर्व सीट और तमिलनाडु की वेल्लोर सीट पर मतदान रद्द कर दिया गया था।
प.बंगाल में सीपीएम प्रत्याशी सलीम के पर फायरिंग, पथराव
पश्चिम बंगाल के रायगंज में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। यहां कई लोगों के घायल होने की खबर है। पुलिस ने बताया कि सीपीएम प्रत्याशी मोहम्मद सलीम के वाहन पर इस्लामपुर इलाके में हमला किया गया। उनकी गाड़ी पर फायरिंग और पथराव में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वारदात के बाद सलीम ने हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने ट्वीट किया कि टीएमसी मतदान के दौरान हिंसा का सहारा ले रही है। रायगंज में मतदान के लिए जाते समय लोगों की पिटाई की गई, उन्हें धमकी दी गई।
-बिहार: दोबारा वोटिंग की कोशिश, लाठीचार्ज
बिहार में दोबारा मतदान की कोशिश का मामला सामने आया है। साथ ही यहां हंगामा करने वाले उपद्रवियों को रोकने के लिए हवाई फायरिंग और लाठीचार्ज की घटना भी सामने आई है। लाठीचार्ज में छह ग्रामीण घायल हुए हैं।
– महाराष्ट्र: 4 लोगों पर केस दर्ज
महाराष्ट्र के उस्मानाबाद में मतदान के दौरान फेसबुक लाइव करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें से एक एनसीपी छात्र संगठन का पदाधिकारी प्रणव पाटिल हैं। कुछ स्थानों पर ईवीएम खराब होने की खबर भी सामने आई है।
दूसरा चरण 5 बजे तक मतदान की स्थिति
उत्तर प्रदेश (8): 58.12
बिहार (5): 58.14
पश्चिम बंगाल (3): 75.27
महाराष्ट्र (10): 55.37
तमिलनाडु (39): 61.52
कर्नाटक (14): 61.80
ओडिशा (5): 57.41
असम (5): 73.32
छत्तीसगढ़ (3): 68.70
जम्मू कश्मीर (2): 43.37
मणिपुर (1): 74.69
पुड्डुचेरी (1): 72.40

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *