सोमैया का टिकट कटा, सोनिया के खिलाफ दिनेश और आजमगढ़ में अखिलेश के मुकाबले भाजपा ने निरहुआ को उतारा

नई दिल्ली,भाजपा ने लोकसभा चुनाव की 16 वीं लिस्ट जारी कर दी है। इसमें 6 उम्मीदवारों के नाम हैं। मुंबई उत्तर-पूर्व से किरीट सोमैया का टिकट काटकर मनोज कोटक को दिया गया है। रायबरेली से सोनिया गांधी के खिलाफ दिनेश प्रताप सिंह उतरेंगे। आजमगढ़ से दिनेश लाल यादव निरहुआ को टिकट दिया है।
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से चंद्र सिंह जादौन, मैनपुरी से प्रेम सिंह शाक्य और मछलीशहर से वीपी सरोज को उम्मीदवार बनाया गया है। निरहुआ कुछ दिन पहले ही यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए थे। तभी से उन्हें आजमगढ़ से टिकट दिए जाने की चर्चा थी। यहां उनकी टक्कर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से होगी। दिनेशलाल यादव ‘निरहुआ’ भोजपुरी गीतों के मशहूर गायक और एक्टर हैं। पूर्वांचल में इनके गाने काफी पसंद किए जाते हैं। गाजीपुर में जन्मे निरहुआ ने 2017 में अखिलेश यादव को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने के लिए पूर्वांचल में काफी मेहनत की थी और स्टेज से उनके पक्ष में जमकर गीत गाए थे। इस लिस्ट में किरीट सोमैया का नाम न होना सभी को चौंका रहा है। सोमैया के नाम पर शिवसेना ने आपत्ति जताई थी। वह मुंबई उत्तर-पूर्व से मौजूदा सांसद हैं। उनकी छवि बेदाग मानी जाती है और कई बड़े मुद्दों को वह संसद में उठा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *