बहुजन संघर्ष दल के अध्यक्ष फूल सिंह बरैया कांग्रेस में शामिल

भोपाल, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को मध्यप्रदेश में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाने वाले पूर्व अध्यक्ष फूल सिंह बरैया कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। बसपा से निष्काषित बरैया ने बहुजन संघर्ष दल का गठन किया था। वे इस दल के अध्यक्ष हैं। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ ने उनका स्वागत किया है।
जानकारी के अनुसार, बरैया ने गुरुवार को अपने दल के 10 अन्य पदाधिकारियों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री कमल नाथ से मिलकर कांग्रेस की सदस्यता ली। मुख्यमंत्री ने उनके इस कदम की सराहना करते हुए स्वागत किया। कांग्रेस में शामिल होने के बाद बरैया ने कहा कि भाजपा को रोकने के लिए कांग्रेस में शामिल हुआ हूं। मैं कांग्रेस के साथ मिलकर बेहतर परिणाम के लिए कार्य करुंगा। उल्लेखनीय है कि बसपा की मध्यप्रदेश विधानसभा में तीन सीटें हैं। मध्यप्रदेश में लोकसभा के लिए बसपा और सपा के बीच गठबंधन है। बरैया के कांग्रेस में आने का सबसे बड़ा नुकसान बसपा और भाजपा को होने के कयास लगाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *