चिराग पासवान छह कंपनियों का संचालन कर रहे और ढाई अरब के मालिक हैं पप्पू सिंह

पटना,लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए सोमवार को नामांकन का आखिरी दिन था। कई दिग्गज नेताओं ने आखिरी दिन नामांकन दाखिल किया। बिहार में लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने वाले राजनेताओं ने हलफनामे पर अपनी संपत्तियों का ब्यौरा दिया है।
पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने पांच साल में चार गाय और दो बंदूक खरीदी है। संतोष कुशवाहा के पास सवा करोड़ की संपत्ति है जबिक सुशील सिंह के पास एक स्कार्पियो और 4.35 लाख रुपए हैं। भूदेव चौधरी पर तीन मामले दर्ज हैं, तीन कोर्ट में चल रहे। बसपा प्रत्याशी उपेन्द्र रविदास जमुई के सबसे धनी प्रत्याशी हैं।
ढाई अरब के मालिक पूर्णिया से कांग्रेस प्रत्याशी उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह की संपत्ति पांच वर्षों में पांच गुनी बढ़ी है, तो पूर्व सीएम जीतन राम मांझी ने पांच साल में महज चार गाय और दो बंदूक खरीदी हैं। जमुई के सांसद चिराग पासवान के पास पटना में 90 लाख का एक बंगला है। इस बंगले की कीमत 2014 से अबतक नहीं बढ़ी है। छह कंपनियों के मालिक चिराग पासवान के पास कोई गाड़ी नहीं है।
यह ब्यौरा सोमवार को पहले और दूसरे चरण के लिए नामांकन करने वाले प्रत्याशियों द्वारा सौंपे हलफनामों से सामने आया है। पूर्णिया के कांग्रेस प्रत्याशी उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह की 2012-13 में आमदनी 24 लाख 20 हजार 166 रुपए थी, जो 2017-18 में बढ़कर 1 करोड़ 37 लाख 70 हजार 385 हो गई।
उनके पास 44 करोड़ 99 लाख 35 हजार 474 करोड़ की चल संपत्ति, जबकि 2 अरब 10 करोड़ 55 लाख 87 हजार की अचल संपत्ति है। उनके पास पूर्णिया के अलावा पटना और दिल्ली में घर है। उनकी पत्नी रुबी सिंह की सालाना आमदनी करीब 86 लाख है। जमुई के सांसद चिराग पासवान के पास स्वयं अर्जित सम्पत्ति के रूप में 2009 में श्रीकृष्णा पुरी में खरीदा गया एक आवास है। भूखण्ड का क्षेत्रफल 5512 वर्ग फीट के करीब है पर मकान 3307 वर्गफीट में बना है। नकद 35 हजार रुपए हैं।
एसबीआई गोपालपुर (जमुई) में एक लाख 22 हजार जमा हैं। फिक्स डिपॉजिट के रूप में 11 लाख दिल्ली के सिंडिकेट बैंक में जमा हैं। एसबीआई के संसद भवन शाखा में 10 लाख 86 हजार हैं। चिराग पासवान छह कंपनी के मालिक भी हैं। हालांकि, कंपनी की संपत्ति का ब्यौरा उन्होंने शपथ पत्र में नहीं दिया है। उधर, नवादा से लोजपा प्रत्याशी चंदन सिंह की कुल आय 19 लाख। उनके पास 100 ग्राम, जबकि पत्नी के पास 2 किलो सोने के जेवर हैं। वहीं राजद प्रत्याशी विभा देवी करोड़ों की मालकिन हैं। उनके पास 12 लाख नकद है। 2.20 एकड़ जमीन है। 48.2 एकड़ कृषि भूमि है। 1-1 किलो सोना-चांदी है।
औरंगाबाद के भाजपा सांसद सुशील कुमार सिंह के पास एक स्कॉर्पियो गाड़ी है और खाते में 4.35 लाख रुपए जमा हैं। एनडीए प्रत्याशी सांसद सुशील कुमार सिंह की शैक्षणिक योग्यता एमए है, जबकि हम प्रत्याशी उपेंद्र प्रसाद पीएचडी हैं। कुल संपत्ति का मूल्य लगभग 52 लाख 65 हजार रुपए है। उपेन्द्र प्रसाद की संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 38 लाख 63 हजार है। उपेन्द्र प्रसाद पर भी कोई आपराधिक वाद दायर नहीं है।
रालोसपा के जमुई प्रत्याशी भूदेव चौधरी के पास 2100 वर्ग फीट स्वयं अर्जित सम्पत्ति के रूप में आवासीय भूमि है। 2009 में सांसद बने भूदेव चौधरी की आमदनी 2014 की अपेक्षा 2019 में घटकर आधी से भी कम हो गई है। चौधरी के विभिन्न खातों में एक लाख 75 हजार हैं, जबकि 1.5 लाख की फिक्स डिपॉजिट है। 15 लाख का गृह ऋण भी ले रखा है । श्री चौधरी पर विभिन्न थानो में तीन मामले दर्ज हैं। वहीं बसपा से नामांकन दाखिल करने वाले उपेंद्र रविदास जमुई लोकसभा में सबसे धनी प्रत्याशी हैं। उनके पास टाटा मोटर्स की 1.40 करोड़ की जगुआर गाड़ी है। पत्नी के साथ संयुक्त खाते में उपेंद्र के 12 करोड़ 69 लाख जमा हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *