पर्चे में गड़बड़ी के बाद 10वीं-12वीं के प्रश्न पत्रों में मिलेंगे बोनस अंक

भोपाल,माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की दसवीं और बारहवीं कक्षा दोनों कक्षा के प्रश्न पत्रों में बोनस अंक देने का निर्णय लिया है। यह निर्णय कक्षा 12वीं के सामान्य अंग्रेजी और दसवीं के गणित के प्रश्न पत्र में गड़बड़ी सामने आने के बाद मंडल ने लिया है। इस आशय के निर्देश मूल्यांकन केंद्रों को भेज दिए गए हैं। इसके अलावा हरदा जिले के अबगांव कला स्कूल के दो शिक्षकों की लापरवाही से 9वीं की परीक्षा में 12वीं का पेपर बांट दिया गया था। इसके कारण 12वीं का अंग्रेजी सामान्य विषय का पेपर आउट हो गया था। इससे माशिमं को पेपर दोबारा तैयार करना पड़ा था। मंडल का कहना है कि बुधवार से जिन विषयों की परीक्षा संपन्न् हो गई उनका मूल्यांकन कार्य शुरू कर दिया जाएगा। 12वीं के सामान्य अंग्रेजी के प्रश्न पत्र के निर्देश में प्रश्न क्रमांक 12 में कुल सात प्रश्न करने थे, प्रत्येक प्रश्न दो-दो नंबर के थे, लेकिन निर्देश में लिखा था कि ‘आंसर एनी टू ऑफ द फॉलोइंग क्वेश्चन”। इससे विद्यार्थियों ने दो प्रश्न हल कर सभी अन्य छोड़ दिए।
गड़बड़ी सामने आने के बाद मंडल का कहना है कि जिन विद्यार्थियों ने दो प्रश्न हल किए होंगे, उन्हें भी 14 अंक बोनस के रूप में मिलेंगे और जिन्होंने सात प्रश्न हल किए हैं उन्हें भी पूरे अंक मिलेंगे। दसवीं गणित के 15 अंक के प्रश्नों में त्रुटि को लेकर शिक्षकों ने मंडल को जानकारी दी है। प्रश्न क्रमांक तीन के (1) में सिलेबस से बाहर का प्रश्न पूछा गया है, यह प्रश्न 9वीं के पाठ्यक्रम से है। प्रश्न क्रमांक दो के (4) में प्रायिकता के स्थान पर प्रायिकताओं होना चाहिए। प्रश्न क्रमांक चार के (2) में माध्यिक के स्थान पर माध्यक होना चाहिए, प्रश्न क्रमांक चार के (4) त्रुटिपूर्ण है। प्रश्न क्रमांक-13 में सिद्ध कीजिए का मुद्रण नहीं हुआ है। प्रश्न क्रमांक 19 के हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम में भिन्नता है, प्रश्न क्रमांक 24 के दोनों प्रश्न त्रुटिपूर्ण हैं और प्रश्न क्रमांक 25 में हेरीस्फेरिकल के स्थान पर हेमीस्फेरिकल (अर्द्धगोल) होना चाहिए। मंडल के निर्णय अनुसार इस प्रश्न पत्र के 15 अंक बोनस के रूप में दिए जाएंगे। इस बारे में माशिमं के सचिव अजय सिंह गंगवार का कहना है कि अंग्रेजी में जिन छात्रों ने लिखे हुए निर्देश अनुसार प्रश्न हल किए होंगे, उन्हें पूरे अंक मिलेंगे। साथ ही गणित में भी बोनस अंक दिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *