प्रियंका का मोदी-योगी के क्षेत्र का दौरा पूरा, बोलीं हमें चाहे जितना प्रताडित करें हम डरते नहीं

मिर्जापुर/वाराणसी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को कहा कि मेरा मानना है कि प्रधानमंत्री को यह सोचना छोड़ देना चाहिये कि लोग बेवकूफ है, उन्हे समझना चाहिये कि लोग सब समझ रहे है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को एक ब्लॉग के जरिए कांग्रेस और विपक्षी दलों के वंशवाद पर वार किया तो प्रियंका गांधी ने भी पलटवार करते हुए कहा कि बीते पांच सालों में भाजपा ने तमाम संस्थानों को बर्बाद करने का काम किया है।
संवाददाताओं से बात करते हुये प्रियंका गांधी ने कहा कि वह (प्रधानमंत्री) पिछले पांच सालों में देश के हर संस्थान पर हमला कर रहे है। इनमें वह संस्थान भी शामिल है जिनमें आप सब भी शामिल है। आप इस बारे में मुझसे बेहतर जानते है। इस लिये मेरा मानना है कि प्रधानमंत्री को यह सोचना छोड़ देना चाहिये कि लोग बेवकूफ है, उन्हे समझना चाहिये कि लोग सब समझ रहे है। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि बिल्कुल डरती नही हूं चाहें कुछ भी करें, हमें जितना भी प्रताडित करे, हम डरते नही है। हम उनके खिलाफ लडते रहेंगे जितना हमें करेंगे उतनी जोर से हम लड़ेंगे।कांग्रेस को उसकी खोयी हुई प्रतिष्ठा वापस दिलाने का संकल्प लेकर राजनीति में उतरीं प्रियंका गांधी वाड्रा का तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरा बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में संपन्न हो गया। पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका ने करीब सौ किलोमीटर की दूरी गंगा नदी मार्ग से तय की और तटों पर रहने वालों से मुलाकात की।
इस बीच उत्तर प्रदेश के राजनीतिक माहौल को परखने निकलीं प्रियंका की गंगा यात्रा से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह नजर आया। प्रियंका गांधी ने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने इस देश की हर संस्था पर पिछले पांच साल के दौरान प्रहार किया। प्रधानमंत्री मोदी के निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी गंगा मार्ग से पहुंचने पर प्रियंका ने नाविक समुदाय के लोगों से अस्सी घाट पर संवाद किया। उन्होंने वोटरों से अपील की कि वे देश में हो रही नकारातमक राजनीति को नकार दें और अपनी आवाज बुलंद करें। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में एक नये तरह की राजनीति की जरूरत है। उन्होंने वोटरों से कहा कि वे नकारात्मक राजनीति को नकारें। मोदी का नाम लिये बिना प्रियंका ने निशाना साधते हुए कहा कि 56 इंच का सीना किधर गया। नाविकों में निषाद और मल्लाह समुदाय के लोगों ने अपनी समस्याओं से प्रियंका को अवगत कराया। प्रियंका ने आश्वासन दिया कि कांग्रेस उनकी समस्याओं का हल करने के प्रयास करेगी।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भाजपा नेताओं को अहंकारी बताते हुए कहा कि जब राजनीति का मकसद केवल सत्ता हासिल करना हो जाता है तो उससे समस्या खडी होती है। उन्होंने कहा कि किसान परेशान हैं क्योंकि उन्हें उनके उत्पाद के सही दाम नहीं मिल पा रहे हैं। युवा बेरोजगार हैं। मोदी के शासन में देश के उद्योग धंधे बंद हो रहे हैं। कांग्रेस महासचिव ने जनता से अपील की कि भाजपा को बेदखल करने के लिए वे कांग्रेस को वोट दें और ऐसी सरकार चुनें जो उनके मुददों का हल करती हो। कांग्रेस सत्ता में आयी तो किसानों और युवाओं की समस्याओं का निदान करेगी। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने नाविक समुदाय की अनदेखी की है। उनके लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कह चुके हैं कि कांग्रेस सत्ता में आयी तो मछुआरों और नाविकों के लिए अलग मंत्रालय बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *