भाजपा सांसद और विधायक में जूतम पैजार के बाद रातभर कलेक्ट्रेट पर धरना-तोड़फोड़, लंबे समय से चल रही थी सियासी वर्चस्व की लड़ाई

संत कबीरनगर, यूपी के संतकबीर नगर में जिला नियोजन समिति की बैठक में भाजपा के सांसद और विधायक के बीच तो जो हुआ वह शर्मसार करने के लिए काफी है। भाजपा सांसद शरद त्रिपाठी और विधायक राकेश सिंह बघेल के बीच बुधवार को जमकर जूतमपैजार हुई। इस घटना के बाद विधायक के समर्थकों ने कलेक्ट्रेट में तोड़फोड़ की। रातभर विधायक के समर्थक कलेक्ट्रेट के बाहर धरने पर बैठे रहे। गुरुवार को सुबह-सुबह विधायक के समर्थकों का गुस्सा फिर फूट पड़ा। उन्होंने कलेक्ट्रेट में फिर तोड़फोड़ की जिसके बाद जिला प्रशासन की तहरीर पर विधायक के समर्थकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद शरद त्रिपाठी और मेहदावल विधानसभा सीट से भाजपा विधायक राकेश सिंह के बीच एक कार्यक्रम के दौरान जमकर मारपीट हुई थी। दोनों के बीच यह विवाद शिलापट्ट में भाजपा सांसद शरद त्रिपाठी का नाम न होने के बाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि सांसद शरद त्रिपाठी ने जूता निकाल लिया और भाजपा विधायक की जमकर पिटाई की। हैरानी वाली बात तो यह है कि इस दौरान मौके पर योगी सरकार के मंत्री आशुतोष टंडन भी मौके पर मौजूद थे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। भाजपा की जमकर फजीहत हुई और जिले का माहौल भी बिगड़ गया। गुरुवार को माहौल देखते हुए बस्ती जिले में होने वाली जिला नियोजन समिति की बैठक निरस्त कर दी गई। बैठक में जिले के प्रभारी मंत्री है सिदार्थनाथ सिंह को पहुंचना था लेकिन उन्होंने बैठक में शामिल होने से इनकार कर दिया। संतकबीरनगर कलेक्ट्रेट में विधायक समर्थकों ने गुरुवार को तोड़फोड़ की। जमकर नारेबाजी की। समर्थकों को रोकने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने पुलिस या प्रशासन के किसी भी अधिकारी की बात नहीं सुनी। समर्थकों के उपद्रव से परेशान होकर खलीलाबाद कोतवाली में पुलिस ने नाजिर की तहरीर पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।उल्लेखनीय है कि सपा-बसपा गठबंधन में संतकबीर नगर सीट मायावती के खाते में गई है। 2019 के लोकसभा चुनाव में शरद त्रिपाठी को दोबारा टिकट मिलने पर संशय बना हुआ है। संतकबीर नगर लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाली मेंहदावल विधानसभा सीट से विधायक राकेश सिंह बघेल सांसद शरद त्रिपाठी के टिकट का विरोध कर रहे थे। बघेल इस अभियान में काफी हद तक सफल होते दिखाई दे रहे थे। इस बात की भनक शरद त्रिपाठी को लग चुकी थी। संतकबीर नगर से सपा के दिग्गज नेता भालचंद यादव यह सीट बसपा के खाते में जाने से भाजपा से टिकट के लिए हाथ पांव मार रहे हैं। इस कड़ी में उन्होंने पिछले दिनों भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात भी कर चुके हैं। ऐसे में भाजपा की ओर से उन्हें हरी झंडी भी मिल चुकी है। इससे साफ जाहिर है कि शरद त्रिपाठी का टिकट कटना लगभग तय हो चुका है। शरद त्रिपाठी को पता चल चुका था कि इस बार उन्हें टिकट नहीं मिल रहा है।
सांसद शरद त्रिपाठी बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी के पुत्र हैं और गृहमंत्री राजनाथ सिंह के गुट के माने जाते हैं। जबकि राकेश सिंह बघेल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी माने जाते हैं। सूबे में भाजपा की सरकार और योगी के सीएम बनने के बाद राकेश सिंह बघेल का राजनीतिक कद काफी बढ़ गया था। जिला प्रशासन सांसद शरद त्रिपाठी से कहीं ज्यादा विधायक राकेश सिंह बघेल की बात को महत्व देता है। भाजपा ने शरद त्रिपाठी को पहली बार 2009 के लोकसभा चुनाव में टिकट दिया था, लेकिन हरिशंकर तिवारी के बेटे कुशल तिवारी के हाथों पराजित हो गए थे। इसके बाद 2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी लहर में शरद त्रिपाठी सांसद बनने में सफल रहे। इसके बाद सन 2017 के विधानसभा चुनाव के बाद स्थानीय भाजपा विधायकों से पैदा हुआ मनमुटाव लगातार बढ़ता गया।
पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संत कबीरदास के महापरिनिर्वाण स्थल मगहर गए थे। भाजपा सांसद शरद त्रिपाठी ने मगहर की जनसभा के मंच पर अपने संसदीय क्षेत्र के तीनों विधायकों को जगह नहीं दी थी। सांसद के इस रवैए से तीनों विधायक खिन्न हो गए और शरद त्रिपाठी के विरोध में सक्रिय हो गए। भाजपा सांसद और मेंहदावल के विधायक के बीच अहम का टकराव जिले में पार्टी के मेरा बूथ सबसे मजबूत सहित कई कार्यक्रमों के दौरान साफ तौर पर दिखाई दिया। यही वजह रही कि मौजूदा तीनों विधायकों आपस में एक हो गए और सभी ने सांसद के खिलाफ बिगुल फूंक दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *