संस्कारधानी आये भागवत, शाखा के विस्तार पर चर्चा, सियासी चर्चाएं सरगर्म

जबलपुर,आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत 3 दिन के प्रवास पर शनिवार की सुबह जबलपुर पहुंचे। आरएसएस प्रमुख ने यहां महाकौशल प्रांत सहित छत्तीसगढ़ के संघ पदाधिकारियों से केशव कुटी में बंद कमरे में गुप्त मंत्रणा की। इसके पूर्व सुबह नगर आगमन पर स्टेशन पर सुबह 5:00 बजे संघ के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। संघ प्रमुख भागवत दिनभर केशव कुटी में गुप्त मंत्रणा में व्यस्त रहे। वहीं विधानसभा चुनाव में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ राज्य में हुई पार्टी भाजपा की पराजय पर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही उन्होंने समन्वय सेवा केन्द्र में स्वयंसेवकों की बैठक ली। नए स्वयंसेवकों को राष्ट्रवाद और हिंदुत्व की विचारधारा का पाठ पढ़ाया गया वहीं संघ विस्तारीकरण पर जोर दिया गया। सन्निकट लोकसभा चुनाव के पूर्व संघ प्रमुख का जबलपुर आगमन अहम माना जा रहा है। अपने जबलपुर प्रवास के दौरान संघ प्रमुख संघ विस्तार शाखा विस्तार सहित पर्यावरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं से भी भेंट करेंगे साथ ही संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के परिजनों से भेंट करेंगे। यूं तो भागवत के नगर प्रवास को संघ द्वारा सामाजिक ताने-बाने में सकारात्मक परिवर्तन लाने की बात कही जा रही है लेकिन लोकसभा चुनाव को लेकर संघ प्रमुख के आगमन पर सियासी चर्चाएं भी गरम हो गई। यह माना जा रहा है कि आरएसएस प्रमुख चुनाव के पहले स्वयंसेवकों से स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मोदी सरकार के कामकाज पर फीडबैक भी ले रहे हैं। हाल ही में आतंकियों द्वारा पुलवामा में सेना पर किए गए हमले के बाद बने ताजा राजनीतिक हालातों को लेकर जनमानस क्या सोच रहा है, जनमानस की क्या अपेक्षा है और सरकार उस पर कितनी खरी उतर रही है। इन तमाम बिंदुओं पर भी संघ प्रमुख संघ के वरिष्ठ सदस्यों और पदाधिकारियों से मंत्रणा कर फीडबैक ले रहे हैं। अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण को लेकर भी हम चर्चाएं होने की खबर मिली है। अभी 2 दिन और संघ प्रमुख जबलपुर में रहेंगे इस दौरान वे समाज के व्यापारी वर्ग सामाजिक कार्यकर्ताओं और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा करेंगे। इन बैठकों में आमंत्रित को ही प्रवेश दिया जाएगा ऐसी व्यवस्था संघ द्वारा की गई। विधानसभा चुनाव में महाकौशल क्षेत्र में हुई करारी हार के कारणों पर भी संघ के पदाधिकारी अपनी बात रख सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *