केजरीवाल की महारैली में ममता संग चंद्रबाबू, शरद यादव, शत्रुघ्न,रामगोपाल और फ़ारुक़ भी पंहुचे

नई दिल्ली,दिल्ली के जंतर-मंतर पर आम आदमी पार्टी की अगुवाई में विपक्ष की महारैली ‘तानाशाही हटाओ-लोकतंत्र बचाओ सत्याग्रह’ का आयोजन हुआ। आप पार्टी ने राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने सभी को एक-साथ एक मंच पर इख्खठा किया। आम आदमी पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से १ लाख लोगों के जुटने का दावा भी किया है। इस महारैली में पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, शरद यादव, सीताराम येचुरी, सपा के रामगोपाल यादव और कांग्रेस नेता आनंद शर्मा, आरएलडी के त्रिलोक त्यागी, और डी.राजा भी शमिल हुए।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी मंच से मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली मेट्रो के किराए बढ़ाए गए, सीलिंग करके लोगों की रोजी रोटी छीन ली गई। मगर केंद्र सरकार अध्यादेश नहीं लाई। इसलिए मोदी सरकार को हटाना होगा। आप पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि भारत के लोकतंत्र को बचाने के लिए नरेंद्र मोदी को हराना होगा।
इस महारैली में जैसे ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी स्टेज पर पहुंची, वैसे ही वाम दल के नेता स्टेज छोड़कर चले गए। सीएम ममता के पहुंचते ही वहां गाना बजा, दिल्ली के लिए मोदी हानिकारक है। सीएम ममता बनर्जी ने महारैली को संबोधित करते हुए कहा, आज संसद का आखिरी दिन है। मोदी सरकार की एक्सपायरी डेट ओवर हो गई है। सीताराम येचुरी ने जनता को संबोधित करते हुए आरएसएस (संघ) को शकुनी मामा कह दिया। उन्होंने कहा कि देश को बचाने की लड़ाई में हम साथ हैं। देश के स्वतंत्र धर्मनिरपेक्ष गणराज्य को बचाना है। सिर्फ दिल्ली ही नहीं बेहतर देश को बचाने की कोशिश करें। महाभारत की लड़ाई में दुशासन और दुर्योधन की एक राजनीति थी, उस लड़ाई में कुरू वंश का नाश हो गया था। येचुरी ने कहा कि भारत को बचाना है तो नागपुर में बैठे मामा जी को देश की सत्ता से अलग करना जरूरी है।
वहीं आंन्ध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा, हमारे केजरीवाल जी और ममता जी प्रभावशाली नेता हैं। ये दोनों ही मोदी सरकार द्वारा बिना कारण प्रताड़ित किए गए। मैं सख्त तौर पर पर नरेंद्र मोदी के बर्ताव की निंदा करता हूं। उन्हें नहीं भूलना चाहिए कि कभी वो खुद एक राज्य के सीएम थे। जब केंद्र हमें प्रताड़ित करती है तो अरविंद केजरीवाल हमसे मिलने वाले पहले शख्स होते हैं। केजरीवाल हमेशा हमारी रक्षा करते हैं, हमें उन्हें सपोर्ट करना चाहिए और देश के लोकतंत्र को बचाना चाहिए। वहीं दूसरी ओर जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फ़ारुख अब्दुल्ला ने कहा, उस खून को याद करना चाहिए जो जलियावाला कांड में पड़ा था वो धर्म मे बांटा नहीं जा सकता। ना हिंदू का है और ना मुसलमान का, ये हर हिंदुस्तानी का भारत है। शरद यादव ने जंतर-मंतर पर मंच से बोलते हुए कहा कि बीजेपी ने चुनाव को इस तरह का बना दिया है कि आज के समय में अगर लाल बहादुर शास्त्री और जयप्रकाश नारायण चुनाव में खड़े हों तो जीत नहीं पाएंगे। समय आ गया है कि बीजेपी को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया जाए। भारत को बचाने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *