प्रियंका कल से मिशन यूपी पर, चार दिन का है दौरा ,राहुल और ज्योतिरादित्य के साथ करेंगी रोड शो

लखनऊ, प्रियंका गांधी की सक्रियता ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस में नई जान फूंक दी है। कांग्रेस की नवनियुक्त महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 11 फरवरी को यूपी के चार दिवसीय दौरे पर आएंगी। उनके आने पर कांग्रेस का रोड शो प्रस्तावित है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया का रोड शो अब विधानसभा के सामने से होकर नहीं जाएगा। प्रशासन के साथ हुई बैठक में तय रूट में बदलाव किया गया है। एयरपोर्ट से आलमबाग, चारबाग, हुसैनगंज के बाद जुलूस को बर्लिंगटन चौराहे से ओडियन सिनेमा की ओर मोड़ दिया जाएगा। जहां से लालबाग होते हुए हजरतगंज पहुंचेगा। उधर, पार्टी नेताओं के ऐतिहासिक स्वागत को लेकर कांग्रेस दफ्तर में दिन भर बैठकों का दौर चलता रहा। बड़े नेताओं का लखनऊ आना भी शुरू हो गया है। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुष्मिता देव और यूपी प्रभारी अनुपमा रावत भी देर शाम आ गईं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की प्रदेश अध्यक्षों के साथ हुई बैठक के बाद राजबब्बर भी आ गए। कल तक सभी नेता आ जाएंगे। महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष रहे कृपाशंकर सिंह आ गए हैं।
कांग्रेस दफ्तर में अभी से कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ है। दफ्तर के बाहर स्थित राजीव चौक भी सज कर तैयार है। हजरतगंज चौराहे पर स्थित महात्मा गांधी, बाबा साहब अंबडेकर, सरदार पटेल की मूर्ति पर माल्यार्पण करने के बाद प्रियंका गांधी प्रदेश दफ्तर में प्रवेश करने से पहले स्व. राजीव गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण करेंगी।
पार्टी प्रवक्ता डा. उमाशंकर पाण्डे ने बताया कि स्वागत की व्यापक तैयारियां जोरों पर हैं। अमौसी एयरपोर्ट से लेकर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय माल एवेन्यू तक रूट चार्ट तैयार हो चुका है। जिसमें एयरपोर्ट से निकलने के बाद पुराने मोड़ के माध्यम से कानपुर रोड, अवध हास्पिटल चौराहा, आलमबाग चौराहा, नत्था होटल तिराहा(चारबाग), हुसैनगंज, बर्लिंगटन चौराहा, ओडियन सिनेमा, कैसरबाग चौराहा, लालबाग, हजरतगंज, जीपीओ पर महात्मा गांधी, सरदार पटेल एवं डा. अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद डीएसओ चौराहा, राजभवन के सामने से होते हुए वीवीआईपी गेस्ट हाउस के सामने से दाहिनी तरफ मुड़कर लालबहादुर शास्त्री मार्ग होते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय माल एवेन्यू तक पहुंचेगी।
जगह-जगह पर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा किये जाने वाले स्वागत के स्थल चिन्हित हो चुके हैं। पूरे प्रदेश से वरिष्ठ नेतागण एवं उत्साह से लबरेज कार्यकर्ताओं के लखनऊ पहुंचने का क्रम लगातार जारी है। प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। राष्ट्रीय सचिव जुबेर खान ने लखनऊ पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। पूर्व केन्द्रीय मंत्री राजीव शुक्ल, प्रमोद तिवारी, नसीमुद्दीन सिद्दीकी भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के साथ मिलकर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। पाण्डेय ने बताया कि स्वागत कार्यक्रम के बाद प्रियंका गांधी राजधानी के निकटस्थ जिलों के कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *