गोहत्या पर खंडवा में रासुका लगाने पर दिग्विजय ने उठाये सवाल बोले कांग्रेस ने राम मंदिर का कभी विरोध नहीं किया

नई दिल्ली, मध्य प्रदेश के खंडवा में गोहत्या के आरोप में तीन लोगों पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के तहत की गई कार्रवाई पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सवाल उठाया है। दिग्विजय सिंह ने कहा है कि गोहत्या पर रासुका नहीं लगाई जानी चाहिए। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कांग्रेसी दिग्गज दिग्विजय सिंह ने कहा कांग्रेस ने राम मंदिर का कभी विरोध नहीं किया। कांग्रेस सभी धर्मो का सम्मान करती है। कांग्रेस धर्म के नाम पर कभी न वोट मांगती है और न चंदा वसूलती है।
खंडवा में पिछले दिनों तीन लोगों पर हुई रासुका की कार्रवाई को लेकर दिग्विजय सिंह ने आरोपियों पर गो-हत्या के लिए बने कानून के तहत कार्रवाई की जाना चाहिए थी, रासुका नहीं लगनी चाहिए थी। खंडवा जिले के मोघट थाने के खरखाली गांव में गो-हत्या के मामले में पकड़े गए तीन आरोपियों के खिलाफ रासुका की कार्रवाई की गई है। तीन आरोपियों में से दो को बीते शुक्रवार और एक को सोमवार को पकड़ा गया था।
तीनों आरोपियों नदीम, उसके भाई शकील व आजम पर रासुका की कार्रवाई की गई है। फिलहाल तीनों जेल में हैं। पुलिस के अनुसार, नदीम आदतन अपराधी है और कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। उस पर पूर्व में भी गो-हत्या का आरोप लग चुका है। पुलिस को सांप्रदायिक माहौल बिगड़ने की आशंका थी, इसी के चलते पुलिस ने यह कार्रवाई की थी।
राज्य में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार आने के बाद गो-हत्या के मामले में रासुका की यह पहली कार्रवाई है। राम मंदिर निर्माण को लेकर पूछे गए सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने राम मंदिर का कभी विरोध नहीं किया है। कांग्रेस सभी धर्मो का सम्मान करती है। कांग्रेस धर्म के नाम पर न तो वोट मांगती है और न ही चंदा वसूलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *