दुमका ,झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष और विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता हेमंत सोरेन ने शनिवार को कहा के आगामी लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी झारखंड के अलावे बिहार,पश्चिम बंगाल और उड़िसा में अपने उम्मीदवार खड़े करेगी। सोरेन आज अपने दुमका के खिजुरिया स्थित आवास में संवाददाताओं से बातचीत में यह जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा भगाओ-झारखंड बचाओं और अबकी बार हेमंत सरकार के संकल्प को साकार करने के लिए आगामी लोकसभा का चुनाव कांग्रेस और विधानसभा का चुनाव झामुमो के नेतृत्व लड़ने को लेकर सैद्धान्तिक रूप से आम सहमति बन गयी है। दोनों चुनावों में झारखंड झामुमो की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि झामुमो,कांग्रेस,झाविमो और बाम दलों के साथ गहन बातचीत चल रही है। प्रत्येक सीटों पर गहन मंथन कर मजबूत रणनीति बनायी जा रही है। अगले एक पखवाड़े के भीतर सामूहिक निर्णय के आधार पर महागठबंधन का पूरा स्वरूप और सीट बंटवारें का खुलासा कर दिये जाने की उम्मीद है।
उन्होंने भाजपा द्वारा झामुमो मुक्त संतालपरगना बनाने के दावे और घोशणाओं पर पलटवार करते हुए कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में और विधानसभा चुनावों में राज्य के सभी सीटों से उखाड़ फेंकने के लिए राज्य की जनता तैयार है। इन चुनावों के परिणाम के साथ ही राज्य से भाजपा की अंतिम विदाई सुनिश्चित है। सरकार के जन विरोधी कार्य से राज्य की जनता तबाह है इस कारण इन चुनावों में किसी की दाल नहीं गलेगी।