उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा के गठबंधन से दरकिनार कर दिए जाने के बाद कांग्रेस ने रविवार को राज्य की सभी 80 लोकसभा सीटों पर अपने बलबूते चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। साथ ही उसने गठबंधन के दरवाजे अब भी खुले रखते हुए कहा है कि अगर कोई धर्मनिरपेक्ष पार्टी कांग्रेस के साथ चलने को तैयार हो तो उसे समायोजित किया जाएगा।
कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने रविवार को यहां पत्रकारों से कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और भाजपा को हराएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि कांग्रेस वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में मिली सीटों से दोगुनी सीटें जीतेगी। यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस अब किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी, कांग्रेस महासचिव ने कहा कि अगर कोई धर्मनिरपेक्ष दल हमारे साथ चलने को तैयार है और कांग्रेस यह समझे कि वह भाजपा से लड़ सकता है तो उसे जरूर समायोजित किया जाएगा। सपा-बसपा गठबंधन में शामिल नहीं किए जाने के बारे में पूछने पर कांग्रेस महासचिव ने कहा कि वह चाहते थे कि उत्तर प्रदेश में बनने वाले गठबंधन में कांग्रेस भी शामिल हो लेकिन अगर कोई साथ नहीं चलना चाहता है तो इसमें कुछ नहीं किया जा सकता।
चुनाव के बाद सपा-बसपा से गठबंधन के सवाल पर राज्यसभा में कांग्रेस के नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस सभी धर्मनिरपेक्ष क्षेत्रीय पार्टियों का स्वागत करेगी। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सपा-बसपा गठबंधन में जगह नहीं मिलने से कांग्रेस के कार्यकर्ता कतई निराश नहीं हैं, बल्कि वह कह रहे हैं कि पहले शायद 25 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ते, मगर अब 80 सीटों पर लड़ेंगे।
आजाद ने भाजपा पर सत्ता के लिये देश को तोड़ने की कोशिश करने और जनता से किये गये तमाम वादे पूरे ना करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव भारत को एकजुट करने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश की नहीं, अपनी कुर्सी की फिक्र है। इस सरकार ने अपना कोई भी वादा पूरा नहीं किया। सबसे बड़े घोटाले इसी सरकार के शासनकाल मंे हुए हैं। सरकार ने इसकी जांच नहीं करायी। जांच नहीं कराने का मतलब यह नहीं है कि घोटाला नहीं हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *