नई दिल्ली,लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अध्यक्ष अमित शाह ने चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर संकल्प, प्रचार और जनसंपर्क के लिए अलग-अलग समितियों की घोषणा कर दी है। भाजपा ने गृह मंत्री राजनाथ सिंह को ‘संकल्प पत्र’ (चुनाव घोषणा पत्र) समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, अरूण जेटली प्रचार शाखा का नेतृत्व करेंगे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को सामाजिक-स्वयंसेवी संगठन संपर्क समिति की जिम्मेदारी दी गई है। संकल्प पत्र समिति में राजनाथ सिंह के साथ अरुण जेटली, निर्मला सीतारमण, रविशंकर प्रसाद, पीयूष गोयल, मुख्तार अब्बास नकवी, शिवराज सिंह चौहान, किरण रिजिजू, सुशील मोदी आदि शामिल हैं। प्रचार-प्रसार समिति में अरुण जेटली के साथ पीयूष गोयल और राज्यवर्द्धन सिंह राठौर भी होंगे। इनके अलावे इस आठ सदस्यीय समिति में डॉ अनिल जैन, डॉ महेश शर्मा, सतीश उपाध्याय, ऋतुराज सिन्हा शामिल हैं। नितिन गडकरी के नेतृत्व वाली समिति में कैलाश विजयवर्गीय, सदानंद गौड़ा, कलराल मिश्र, शिव प्रसाद शुक्ला, बंडारू दत्तात्रेय समेत कुल 13 लोगों पर सामाजिक संगठनों से संपर्क साधने और भुनाने की जिम्मेदारी दी गई है।