मुंबई,भू-माफिया से परेशान मशहूर अभिनेता दिलीप कुमार की पत्नी सायरा बानो (ने अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद मांगी है। उन्होंने दिलीप कुमार के ट्वीटर पर लिखा, ”सर, भू-माफिया समीर भोजवानी जेल से रिहा हो चुका है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आश्वासन के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। पद्म विभूषण से सम्मानित शख़्स को धन-बल के दम पर धमकी दी जा रही है। आपसे मुंबई में मुलाकात का निवेदन है”। आपको बता दें कि 96 वर्षीय दिलीप कुमार का बंगला बांद्रा के संभ्रांत पाली हिल इलाके में स्थित है। इसी साल सायरा बानू ने पुलिस से संपर्क किया था और समीर भोजवानी के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी थी।
जनवरी में मुंबई पुलिस आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने सदाबहार अभिनेता के बंगले को कथित रूप से हड़पने की कोशिश के लिए बिल्डर के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस अधिकारियों को संदेह था कि भोजवानी ने संपत्ति के फर्जी कागजात तैयार कराये थे। इसके बाद मामला दर्ज किया गया। ईओडब्ल्यू की टीम ने भोजवानी के बांद्रा स्थित आवास पर छापा मारा जहां से चाकू और छुरे सहित हथियार बरामद किए गए। भोजवानी को आर्थिक अपराध शाखा ने इस साल अप्रैल में गिरफ्तार किया था।