आय से अधिक संपत्ति मामले में पूर्व मंत्री बंधु तिर्की को सीबीआई ने किया गिरफ्तार

रांची, आय से अधिक संपत्ति मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने झारखंड विकास मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सह पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की को गिरफ्तार को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सीबीआई के भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने मंगलवार देर रात बंधु तिर्की से आय से अधिक संपत्ति मामले में पूछताछ की और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया और अब सीबीआई की टीम उन्हें अदालत में पेश करेगी। बताया गया है कि पूर्व मंत्री बंधु तिर्की पर आय से अधिक संपत्ति करने का आरोप है। इस मामले में 2009 में राजीव शर्मा ने बंधु तिर्की के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने को लेकर निगरानी ब्यूरो में मामला दर्ज कराया था। बाद में झारखंड उच्च न्यायालय ने इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी थी । पूर्व मंत्री बंधु तिर्की पर मधु कोड़ा और शिबू सोरेन के शासनकाल में मंत्री रहने के दौरान आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है, प्रारंभिक छानबीन में यह बात सामने आयी है कि बंधु तिर्की ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित कर दिल्ली के बसंत विहार में 8 करोड़ के फ्लैट और बनहोरा में करीब 100 एकड़ जमीन रिश्तेदारों के नाम पर खरीदा।
इधर, झारखंड विकास मोर्चा के केंद्रीय प्रधान महासचिव प्रदीप यादव ने आरोप लगाया है कि भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र की एनडीए सरकार के इशारे पर विपक्षी नेताओं को फंसाने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव डालने का काम कर रही है, इसी कारण भारतीय रिजर्व बैंक के गर्वनर तक को त्यागपत्र देना पड़ा, जबकि सीबीआई के दुरुपयोग की बात पहले भी सामने आ चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *