पटना, बिहार के पटना में उपेंद्र कुशवाहा के समर्थकों और पुलिस के बीच संघर्ष में लाठी चार्ज में कई प्रदर्शनकारियों को चोटें आई। इस दौरान आस-पास खड़े लोग भी चपेट में आ गए और उन्हें भी चोटें आई। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा कथित रूप से कुशवाहा को ‘नीच’ और ‘धीमा इंसान’ कहे जाने से नाराज थे।
इस महीने की शुरुआत में राष्ट्रीय लोक समित पार्टी (आरएलएसपी) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाह ने संकेत दिया था कि बिहार में मुख्यमंत्री का पद जल्द ही खाली हो सकता है क्योंकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सत्ता में संतृप्ति बिंदु तक पहुंच गए और वह अपना कदम पीछे कर सकते हैं। नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) और कुशवाहा की आरएसएलपी भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए सरकार का हिस्सा है। इससे पहले कुशवाहा ने एक आपत्तिजनक बयान दिया था। जिसमें उन्होंने अपने पार्टी के कार्यकर्ताओं को सलाह दी थी कि वो पुलिस की गर्दन पकड़कर उनसे काम निकालें।