रांची, झारखंड के रामगढ़ जिले के घाटो ओपी क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने सोमवार रात भाकपा नेता बालेश्वर महतो की गोली मार कर हत्या कर दी। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार अपराधियों ने उस वक्त उन्हें गोली मारी, जब वे घाटोटाड़ के लइयो चौक स्थित पूजा पंडाल से आरती कर वापस अपने क्वार्टर जा रहे थे। बताया गया है कि जैसे ही बालेश्वर महतो अपने घर बाहर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया,उसी वक्त अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी और भाग निकले। गोली लगने के बाद वे जमीन पर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया,जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
55वर्षीय बालेश्वर महतो लंबे समय से भाकपा से जुड़े है। उन्हें गोली किसने और क्यों मारी, इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।