लोरमी में खुलेगा अतिरिक्त कलेक्टर कार्यालय और उप कोषालय

रायपुर,मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज कहा कि अलग जिला बनने के बाद मुंगेली-लोरमी ने विकास की नई गाथा गढ़ी है। आने वाले समय में मुुगेली जिले का चार गुना तेजी से होगा। मुख्यमंत्री यहां मुंगेली जिले के विकासखण्ड मुख्यालय लोरमी में आयोजित विशाल आमसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लोरमी क्षेत्र के विकास के लिए 386 करोड़ 19 लाख रूपये के 122 निर्माण कार्यो का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने 802 हितग्राहियों को सामग्री और सहायता अनुदान राशि के चेक वितरित किए।
उन्होंने क्षेत्र की जनता की बहुप्रतिक्षित मांग को स्वीकार करते हुए वहां अतिरिक्त कलेक्टर कार्यालय और उप कोषालय कार्यालय खोलने की घोषणा की। उन्होंने लोरमी के शासकीय महाविद्यालय में 7 अतिरिक्त कक्षों के लिए मौके पर 15 लाख रूपए की स्वीकृति प्रदान की। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में कम वोल्टेज की समस्या के निराकरण के लिए डिण्डौरी-नवरंगपुर में 33/11 केव्ही के विद्युत उप केन्द्र खोलने की मंजूरी भी प्रदान की।
50 बिस्तर अस्पताल का लोकार्पण
डॉ. रमन सिंह ने अटल विकास यात्रा के तहत आज गुरूवार को मुंगेली जिले के विकासखण्ड लोरमी में आठ करोड़ 28 लाख रूपये की लागत से नवनिर्मित 50 बिस्तर मातृ एवं शिशु अस्पताल का लोकार्पण किया। इस अस्पताल के शुरू होने से लोरमी सहित आसपास के क्षेत्रवासियों को अब बेहतर स्वास्थ्य सुविधायें मुहैया हो सकेंगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर नवनिर्मित अस्पताल के डिजिटल एक्स-रे एवं अन्य उपकरणों का अवलोकन भी किया तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से स्टाफ और सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *