कैदी जीवन में रम गई हैं हनीप्रीत, स्वस्थ रहने के लिए करती हैं योग

अंबाला,पंचकूला हिंसा में देशद्रोह का मामला झेल रहीं डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की मुंह बोली बेटी हनीप्रीत इंसान अंबाला जेल में अपने स्वास्थ्य का काफी ध्यान रख रही हैं। हनीप्रीत जेल में नियमित रुप से योग करती हैं। जेल स्टाफ के अनुसार उन्होंने अपने आप को जेल के नियमों में ढाल लिया है।
वह अब जेल का ही खाना खाती हैं। अपनी बैरक में वह किसी से ज्यादा बाद नहीं करतीं। पंचकूला पुलिस ने 25 अगस्त 2017 को हनीप्रीत को गिरफ्तार किया था। शुरू के दिनों में हनीप्रीत ने जेल में कठिनाइयां पैदा कर दी थीं। अब हनीप्रीत ने जेल जीवन के प्रति सामंजस्य कायम कर लिया है। जेल सूत्रों का कहना है कि हनीप्रीत की निगरानी में लगा लेडीज स्टाफ दिन-रात उसकी निगरानी कर रहा है।
हनीप्रीत के जेल में आने से अन्य महिला कैदियों की परेशानी बढ़ गई है। पता चला है कि पहले महिला कैदियों को अपने परिजनों से मुलाकात का समय 30 मिनट का दिया जाता था, जिसे अब केवल दस मिनट रह गया है। इधर, पंचकूला में दंगों के मामले में गिरफ्तार महेंद्र इंसान को तीन दिनों के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस सोमवार दोपहर को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच महेंद्र इंसान को पंचकूला कोर्ट लेकर आई और आरोपी से पूछताछ के लिए रिमांड दिए जाने की मांग की। कोर्ट में पुलिस ने तर्क दिया कि महेंद्र इंसान से दंगों के सिलसिले में काफी कुछ अहम सुराग मिल सकते हैं। आरोपी महेंद्र को हाल में सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा से गिरफ्तार किया गया था। उस पर दंगों के लिए साजिश रचने और दंगे भड़काने का आरोप है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *