मुंबई , आयात बढ़ने की वजह से सोना मुंबई में फिर से आयातित कीमत से कम पर बिकने लगा है। ऐसा पिछले तीन महीनों में पहली बार हुआ है। इस समय पीली धातु आयातित कीमतों से करीब 1 डॉलर प्रति औंस कम पर बिक रही है। विदेश व्यापार महानिदेशालय ने 18 अक्टूबर के अपने आदेश में स्टार एक्सपोर्ट हाउसों (निर्यातक इकाइयों) के सोने के आयात पर अंकुश लगा दिया है। इस आदेश के मुताबिक ये निर्यातक इकाइयां केवल आभूषण बनाकर निर्यात करने के लिए ही सोने का आयात कर सकती हैं। इसके अलावा इन निर्यातक इकाइयों का नामित एजेंसियों का लाइसेंस भी वैध नहीं रह गया है। इस लाइसेंस के जरिये ये अन्य खरीदारों के लिए सोने का आयात करती थीं।