कांग्रेस ने शुरू की जनआक्रोश रैलियां हरदा में अरुण यादव गरजे कंस मामा और रावण की सरकार को उखाड़ फेंको

हरदा, हरदा की कृषि उपज मंडी प्रांगण से आज कांग्रेस की प्रदेश स्तरीय जन आक्रोश रैली की शुरुआत की गई। जिसमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने किसानों से केंद्र की रावण (मोदी)एवं प्रदेश की कंस मामा (शिवराज सिंह) की सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। गुरुवार को स्थानीय कृषि उपज मंडी में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली की शुरुआत की गई। जिसमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भावंतर योजना के नाम पर प्रदेश के किसानों को मूर्ख बनाया हैं।प्रदेश के अधिकारी, भाजपा नेता और मंत्री तक भावंतर योजना के विषय में ठीक से नहीं जानते बावजूद इसके वे किसानों को गुमराह कर रहे हैं। किसानों की आत्महत्या के मामले में प्रदेश सबसे आगे है। हर जगह किसानों को परेशानी हो रही है।अब तक तो जनता पीएम मोदी को ही सबसे बड़ा फेकू मानती थी। लेकिन अमेरिका से आने के बाद प्रदेश की सड़कों की तुलना अमेरिका की रोड़ से करने के बाद झूठ बोलने के मामले में सीएम शिवराज सिंह चौहान पीएम मोदी के भी बाप निकल गए हैं। इस दौरान यादव ने प्रदेश में महिलाओं पर लगातार बढ़ रहे अत्याचार और बलात्कार के मामलो पर प्रदेश सरकार को आड़े हाथ लेते हुए प्रदेश सरकार को गुंडो और अपराधियों की सरकार बताया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि चित्रकूट चुनाव में सरकार के मंत्री और सीएम शिवराज सिंह ने सरकारी मिशनरी का दुरूपयोग कर धन के बल पर चुनाव जीतने का काम किया है।जबकि चित्रकूट की जनता ने इस झूठी सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है।उन्होने विश्वास जताया कि चित्रकूट में कांग्रेस प्रत्याशी को निश्चित जीत मिलेगी।
विगत दिवस हरदा जिले में प्रदेश सरकार के द्वारा लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव प्रमोद अग्रवाल को भावंतर योजना की जानकारी लेने भेजा था।इस विषय पर बोलते हुए अरुण यादव ने कहा कि जिस विभाग के अधिकारी को कृषि से संबंधित जानकारी नहीं है।उसे भेज़ कर सरकार आखिर जताना क्या चाहती है।जब अधिकारी इस योजना के विषय में जानते ही नहीं है तो फिर क्या किसानों का मज़ाक बनाने उन्हें सरकार भेज़ रही है।यादव ने कहा कि हरदा के किसानों ने संयम बरता नहीं तो ऐसे अधिकारी जिन्हें खुद भावंतर योजना की जानकारी नहीं है उन्हें जूते खाकर वापस जाना होता। कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव जुबैर खान, पूर्व विधायक विनोद डागा, कैलाश कुंडल, हरदा विधायक डॉ. आरके दोगने, जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पंवार, अनिल पटेल, हेमंत टाले समेत कई स्थानीय नेता उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *