सऊदी अरब के राजकुमार आलीशान होटल में नजरबंद

रियाद,खजूर के पेड़ों की कतारों के बीच 52 एकड़ में फैले विशाल और आलीशान महल को देखकर किसी की भी आंखें अचरज से फैल जाएंगी। जगमगाती रोशनी से नहाए सऊदी अरब के रिट्स कार्लटन नाम के इस महल ने दुनिया भर की कई महत्वपूर्ण हस्तियों की खातिरदारी की है।
अब सऊदी अरब के सभी गिरफ्तार राजकुमारों को इसी आलीशान होटल में कैद करके रखा गया है। दुनिया के धनी देशों में से एक माने जाने वाले इस देश में पिछले कुछ दिनों में देश के कई बड़े बिजनसमैन, शाही परिवार के प्रिंस, पुराने मंत्रियों और कुछ और बड़ी हस्तियों की गिरफ्तारी हुई है। जिस होटल में इन लोगों को भ्रष्टाचार के आरोप में कैद किया गया है, वह किले में तब्दील हो चुका है। सोमवार को एक धुंधला सा वीडियो सामने आया है, जिसमें होटल के बॉलरूम में लोग आरामदेह गद्दों पर कंबल ओढ़े सोए नजर आ सकते हैं। होटल के गार्ड बैकग्राउंड में महंगी अमेरिकी एम-4 राइफल लिए नजर आ रहे हैं। सऊदी अरब इस वक्त बड़ी उठा-पटक के दौर से गुजर रहा है। भ्रष्टाचार के आरोप में दर्जनों प्रभावी लोगों की गिरफ्तारियां हुईं। इनमें से 11 तो शाही राजकुमार हैं। इनमें अरबपति प्रिंस अलवालिद बिन तलाल भी शामिल हैं। अभी पांच सौ से अधिक गिरफ्तारियां हो सकती हैं। शाही परिवार के सभी सदस्यों के देश छोड़ने पर रोक लगा दी गई है। सऊदी अरब का सत्ताधारी वर्ग इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग बता रहा है, तो कुछ लोग इसे नए प्रिंस मोहम्मद-बिन-सलेम की सत्ता पर एकाधिकार की कोशिश भी मान रहे हैं। होटल के प्रवक्ता ने हिरासत में रखे गए मेहमानों के बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *