बा‎रिश के कहर से बेंगलुरु में अब तक 16 लोगों की मौत

बेंगलुरु,बेंगुलरु में लगातार बारिश होने की वजह से अब तक 16 लोगों की जान चली गई है। रविवार को पूर्वी इलाके में स्थित नाले में एक किशोरी का शव ‎मिला। इस बार बेंगलुरु में पिछले 115 साल में सबसे अधिक बारिश हुई और यह अभी भी जारी है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार तक यहां 1666 मिमी बारिश हो चुकी है जिसने साल 2005 में हुई 1605 मिमी बारिश का रेकॉर्ड तोड़ दिया। वहीं अक्टूबर में सबसे ज्यादा करीब 386 मिमी बारिश हुई।
रविवार को ही कृष्णाप्पा गार्डन निवासी एक महिला मजदूर नरासम्मा तेज बारिश के दौरान ओवरफ्लो नाले में गिर गई। वह अपने समूह की अन्य महिलाओं के साथ जा रही थी। उसका शव 20 मिनट बाद नाले के 500 मीटर अंदर बरामद हुआ। वहीं शनिवार शाम को रामनागरा जिले में बारिश की वजह से दो अलग-अलग घटनाओं में तीन व्यक्ति बह गए। बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमसी) के साथ अन्य राहत दल भी बारिश में बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। बीबीएमसी के करीब 100 कर्मचारियों के अलावा, 40 फायर व इमर्जेंसी सर्विस से, 20 राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल और 26 राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के कर्मचारियों ने भी रविवार को तलाशी अभियान में भाग लिया।
मौसम विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक बेंगलुरु शहर एक अलग ही तरह का मौसम देख रहा है। यहां दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अपने समय से अधिक रुक गया है और उत्तर-पूर्वी मॉनसून आने वाला है। उन्होंने बताया कि अरब सागर में बने कम दबाव क्षेत्र की वजह से कर्नाटक के अंदरूनी क्षेत्रों और बेंगलुरु में बारिश हो रही है। उन्होंने इस तरह के मौसम को जलवायु परिवर्तन से जोड़ते हुए कहा कि बेंगलुरु बढ़ रहा है। यहां हीट आईलैंड इफेक्ट की वजह से गर्मी के मौसम के बाद बारिश होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *