जॉर्जिया के अब्खाजिया क्षेत्र में पुतिन का दौरा अनुचितः अमेरिका

वाशिंगटन,जॉर्जिया के रूस समर्थित अब्खाजिया क्षेत्र में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के दौरे की आलोचना करते हुए अमेरिका ने कहा कि यह जार्जिया की संप्रभुता और अखंडता का खुला उल्लंघन है। इस क्षेत्र को लेकर रूस और जॉर्जिया के बीच युद्ध हो चुका है। सन 2008 में हुए इस युद्ध की बरसी पर मंगलवार को रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने अब्खाजिया क्षेत्र का दौरा किया। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने एक अन्य क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘अमेरिका रूस से 2008 के संघर्षविराम समझौते के मुताबिक युद्ध पूर्व की स्थिति बनाये रखने के लिये अपनी सेनाओं को पीछे हटाने और जॉर्जिया के अब्खाजिया एवं साउथ ओसेतिया क्षेत्रों को दी गई मान्यता को समाप्त करने की अपील करता है।’’
अमेरिका और कई अन्य देश अब्खाजिया को जार्जिया के हिस्से के रूप में मान्यता देते हैं। लेकिन तिबलिसी के साथ युद्ध के बाद रूस इसे और साउथ ओसेतिया को अलग देश मानता है। मास्को ने इन दोनों क्षेत्रों में बड़ी संख्या में सैनिक तैनात किए हैं। वह इन्हें आर्थिक सहायता भी मुहैया कराता है। जॉर्जिया इसे सैन्य कब्जा करार देता है। पित्सुंदा शहर के दौरे में पुतिन ने कहा थाकि रूस अब्खाजिया की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और इसकी स्वतंत्रता की दृढ़ता से गारंटी देता है। उन्होंने कहा कि रूस के सहयोग का यह यह सिलसिला भविष्य में भी जारी रहेगा। इस पर जार्जिया ने कड़ी प्रतिक्रिया करते हुए पुतिन की यात्रा को ‘‘कुटिल कदम’’ बताया। इसके बाद अमेरिका ने जॉर्जिया की संप्रभुता और अखंडता को समर्थन देने की बात दोहरायी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *