किसानों का जेल भरो आंदोलन, भोपाल के दशहरा मैदान से शुरुआत, कई गिरफ्तारियां

भोपाल,विभिन्न किसान और मजदूर संघों के आह्वान पर देशभर के किसानों ने जेल भरो आंदोलन में हिस्सा लिया। इस आंदोलन के तहत देश के विभिन्न राज्यों में किसानों ने गिरफ्तारियां भी दी। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के टीटी नगर दशहरा मैदान में किसानों का जेल भरो आंदोलन शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, देशभर में गिरफ्तार हुए किसानों को मुचलकों पर छोड़ दिया गया। इतना ही नहीं किसानों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों को सरकार ने नहीं माना तो बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। साथ ही जरूरत पड़ी तो अगली बार किसान मवेशियों के साथ गिरफ्तारी देंगे।
वहीं, भोपाल में राष्ट्रीय किसान संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा उर्फ कक्काजी ने कहा कि आजादी केवल भ्रष्ट नेता और अफसरों को मिली है। किसान, मजदूर और गरीब आज भी गुलाम हैं, उनकी आजादी की जंग जारी रहेगी। उन्होंने कहा तीन साल में भाजपा सरकार ने 22 किसान विरोधी निर्णय लिए। उन्होंने कहा भाजपा खेती को लाभ का धंधा नहीं बना पाई। पार्टी ने घोषणा पत्र में लागत का 50 फीसदी लाभकारी मूल्य देने की बात कही थी। लेकिन, इस पर अमल नहीं हुआ। कक्काजी ने मंदसौर गोलीकांड के घायलों को मुआवजा और मृतकों के परिजनों को सरकारी नौकरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस मामले में अब तक दोषियों पर एफआईआर नहीं की गई।
आयोग के गठन का ऐलान
कक्काजी ने मंदसौर गोलीकांड की जांच के लिए जन न्याय आयोग के गठन का ऐलान किया है। उन्होंने बताया संघ ने वरिष्ठ एडवोकेट आनंद मोहन माथुर की अध्यक्षता में मंदसौर गोलीकांड की जांच आयोग गठित किया है। इसमें रिटायर्ड जज भी रहेंगे। माथुर 19 अगस्त से क्षेत्र का दौरा भी करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *