मुंबई,सुशांत सिंह राजपूत इन दिनों अपनी फिल्म ‘चंदा मामा दूर के’ में अंतरिक्ष का सफर करने के लिए नासा के स्पेस सेंटर में ट्रेनिंग ले रहे हैं। खबर है कि उन्हें अपने इस सफर का साथी मिल गया है। सूत्रों की मानें, तो श्रद्धा कपूर उनकी इस सफर की साथी बनी हैं। श्रद्धा कपूर का नाम इस किरदार के लिए काफी पहले से चर्चा में था। माना जा रहा है कि शूटिंग शुरू होने के पहले वह भी अपने हिस्से का प्रशिक्षण शुरू कर देंगी।
सूत्रों के अनुसार फिल्म की कहानी तीन अंतरिक्षयात्रियों के जीवन के आसपास घूमती है। इनमें दो अंतरिक्षयात्री तो सुशांत सिंह राजपूत और नवाजुद्दीन सिद्दीकी हैं। तीसरे और फिल्म की मुख्य अभिनेत्री के रूप में श्रद्धा कपूर का चयन किया गया है। सूत्रों की मानें तो फिल्म की शूटिंग सितम्बर के अंत में शुरू हो सकती है। उससे पहले श्रद्धा भी अपने हिस्से का प्रशिक्षण पूरा कर लेंगीं। नासा के प्रशिक्षण केंद्र में सुशांत ने कई कार्यशालाओं में हिस्सा लिया है, जहां उन्होंने अंतरिक्षयात्रियों के जीवन को करीब से समझने की कोशिश की। साथ ही अंतिरक्षयान को उड़ाने से जुड़ी तकनीकी जानकारी, शून्य गुरुत्वाकर्षण, अंतरिक्ष सूट पहनने जैसी तमाम जानकारियां ले रहे हैं। ‘चंदा मामा दूर के’ की शूटिंग मुम्बई, दिल्ली और हैदराबाद के अलावा किन्हीं इंटरनेशनल स्टूडियो में की जाएगी।