चंडीगढ़,चंडीगढ़ छेड़छाड़ मामले ने अब एक बड़ा राजनीतिक रूप ले लिया है। कांग्रेस पार्टी इस मामले को लेकर केंद्र सरकार और बीजेपी पर पूरी तरह से हमलावर है। अब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा ने इस मसले पर बीजेपी पर हमला बोला है। वाड्रा ने मंगलवार सुबह फेसबुक पोस्ट किया। वाड्रा ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि ये काफी चौंकाने वाला है कि एक महिला के साथ छेड़छाड़ होती है, लेकिन आरोपियों के साथ इसलिए ढीला बरताव किया जा रहा क्योंकि वह हरियाणा बीजेपी के अध्यक्ष का बेटा है। अब बेटी बचाओ के नारे का क्या हुआ? उन्होंने लिखा कि सोशल मीडिया पर जिस तरह पीड़ित महिला के बारे में लिखा जा रहा है वह शर्मनाक है, सीएम ने इस मामले पर जैसे टिप्पणी दी है वह भी शर्मनाक है। यह कोई व्यक्तिगत मामला नहीं है, इस तरह के व्यवहार पर किसी तरह की सफाई पेश नहीं की जा सकती है। उधर,आप नेताओं ने चंडीगढ़ छेड़छाड़ मामले में हरियाणा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला के बेटे के खिलाफ़ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ट्वीट कर आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग की है। उन्होंने ट्वीट में लिखा है- वर्णिका का पीछा करने वालों को कठोर सजा मिले। चाहे वह कितने प्रभावशाली क्यों ना हों, नहीं तो लोगों का क़ानून-व्यवस्था से विश्वास उठ जाएगा। आप की महिला प्रवक्ताओं में से एक अलका लांबा का आरोप है कि महिला विरोधी मानसिकता वाली भारतीय जनता पार्टी सरकारी दबाव के जरिये भाजपा अध्यक्ष के बेटे व आरोपी विकास बराला को बचा रही है। आप महिला विंग की दिल्ली प्रदेश संयोजक रिचा पांडे का कहना है कि भाजपा अध्यक्ष के बेटे के शर्मनाक कृत्य ने यह साबित कर दिया है कि यह पार्टी बेटियों के सम्मान को कुचलने की मंशा रखती है और यही भारतीय जनता पार्टी का चाल, चरित्र और चेहरा है।