संसद- विनोद खन्ना, अनिल माधव दवे को श्रद्धांजलि देकर कार्यवाही स्थगित

नई दिल्ली, संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही आज लोकसभा के वर्तमान सदस्य विनोद खन्ना और राज्यसभा सदस्य अनिल माधव दवे का निधन होने की वजह से दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। लोकसभा में वर्तमान सदस्य विनोद खन्ना, केन्द्रीय मंत्री अनिल माधव दवे एवं चार पूर्व दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद सदन की कार्यवाही दिनभर के लिये स्थगित कर दी। मानसून सत्र के पहले दिन आज बैठक राष्ट्रगान की धुन के साथ शुरू हुई। इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने लोस के वर्तमान दिवंगत सदस्य विनोद खन्ना और राज्यसभा के वर्तमान सदस्य अनिल माधव दवे एवं चार पूर्व सदस्यों को पूरे सदन की ओर से श्रद्धांजलि दी।
लोकसभा अध्यक्ष महाजन ने सदन को बताया कि विनोद खन्ना गुरदासपुर संसदीय सीट का प्रतिनिधत्व कर रहे थे। वे १२वीं और १४वीं लोकसभा के भी सदस्य थे। वे २००२ से २००४ तक पर्यटन और विदेश राज्य मंत्री भी रहे। वे एक जाने माने फिल्म अभिनेता थे और उन्हें कई सम्मान भी प्राप्त हुए थे। वे १९९८ से २००२ तक फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट पुणे के अध्यक्ष भी रहे। उनका निधन २७ अप्रैल २०१७ को ७० वर्ष की आयु में मुम्बई में हुआ था। केन्द्रीय मंत्री दवे का गत १८ मई को ६० वर्ष की आयु में निधन हुआ। उन्होंने पर्यावरण विशेषकर नर्मदा नदी के संरक्षण क्षेत्र में दवे के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें एक योग्य सांसद एवं कुशल प्रशासक बताया। उन्होंने उच्च सदन में अगस्त २००९ से जून २०१०, जून २०१० से जून २०१६ तथा जून २०१६ से अपने निधन तक मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने दवे को एक योग्य सांसद एवं कुशल प्रशासक बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
अध्यक्ष ने सदन के चार पूर्व सदस्यों सूबेदार प्रसाद सिंह, अजीत कुमार साहा, ईरा सेजियन और नारायण सिंह चौधरी के निधन पर उन्हें पूरे सदन की ओर से श्रद्धांजलि दी। सदस्यों ने इन दिवंगत वर्तमान सदस्यों एवं पूर्व सदस्यों के सम्मान में कुछ क्षणों का मौन रखा। लोकसभा अध्यक्ष ने बाद में वर्तमान सदस्य विनोद खन्ना के सम्मान में बैठक को पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया। राज्यसभा में भी वर्तमान सदस्य दवे को श्रद्धांजलि देने के बाद सदन की कार्यवाही को दिन भर के लिए स्थगित कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *