कार्ता,कहावत है प्यार में उम्र की कोई बंदिश नहीं होती। इस बात को सच साबित करते हुए एक पंद्रह वर्षीय लड़के ने 73 साल की महिला से प्रेम विवाह कर लिया। लड़के के बालिग नहीं होने की वजह से पहले उनके विवाह में अडंगा डाला गया, लेकिन जब उन्होंने विवाह नहीं होने पर आत्महत्या की धमकी दी, तो लोग मजबूर हो गए।
मामला इंडोनेशिया का है। सुमात्रा गांव के 15 वर्षीय सेलामत रियादी को मलेरिया हो गया, तो पड़ोस में रहने वाली रोहाया बिनती मोहम्मद जकफर नाम की महिला ने उसकी बहुत देखभाल की। इसी दौरान दोनों के बीच कब प्यार हो गया, किसी को पता नहीं चला। इंडोनेशिया में कानूनन पुरुष 19 साल के पहले विवाह नहीं कर सकते, लेकिन फिर भी स्थानीय प्रशासन ने इनके विवाह को अनुमति दे दी।
गांव के मुखिया सिक ऐनी ने कहा कि सेलामत शादी के लिए बहुत छोटा है, लेकिन इसके बावजूद हमने शादी होने दी, क्योंकि दोनों ने ही आत्महत्या करने की धमकी दी थी। लड़का अभी बालिग नहीं , इसलिए हमने यह शादी धूम-धड़ाके के साथ नहीं कराई। अधिकारी यह भी चाहते हैं कि अभी यह जोड़ा शारीरिक संबंध बनाने से बचे। सेलामत के पिता कुछ साल पहले ही चल बसे। उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली है। वहीं दुल्हन रोहाया ने इससे पहले दो शादी की हैं। उनका एक बच्चा भी है।
दोनों का विवाह पिछले सप्ताहांत इंडोनेशिया के सुदूर कारंग एंडाह गांव में हुआ। हालांकि, सोशल मीडिया पर इस बेमेल विवाह की खूब चर्चा हो रही है। इस बीच इंडोनेशिया के समाजिक मामलों के मंत्री ने इस विवाह की आलोचना करते हुए कहा कि यह एक बेमेल विवाह है और ऐसे विवाहों को प्रोत्साहित नहीं किया जा सकता।
पंद्रह साल के दूल्हे ने 73 साल की दुल्हन से रचाई शादी
