किसान ने अपनी पत्नी व दो बच्चों की हत्या करने के बाद कर ली खुदकुशी

दुर्ग,गुण्डरदेही ब्लाक स्थित ग्राम देवरी में एक किसान ने अपनी पत्नी व दो बच्चों की बेरहमी से हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। हमले में एक अन्य पुत्री भी घायल हुई है। जिसे उपचारार्थ रायपुर के मेकाहारा में दाखिल करवाया गया है। जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई गई है। आरोपी किसान का नाम गोविंदराम देशलहरे 45 वर्ष है। उनके हमले में पत्नी दुर्गा बाई 42 वर्ष, पुत्र जीतेश 12 वर्ष व पुत्री पल्लवी 15 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई थी। हमले में बड़ी पुत्री शालिनी घायल है। जिसका मेकाहारा में इलाज चल रहा है। घटना के समय मृतक आरोपी किसान की भांजी योगेश्वरी भी घर पर मौजूद थी। जिसे किसान ने घर के एक कमरे में बंद कर बारी-बारी से परिवार के सदस्यों को मौत के घाट उतारा। बताया गया है कि मृत आरोपी किसान गोविंदराम देशलहरे पहले भी खुदकुशी का प्रयास कर चुका था। उसने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस ने इस वारदात को लेकर कई बिन्दुओं पर जांच शुरु कर दी है। जिसमें क्या किसान कर्ज में था और वह किसी के दबाव में था या उसके पारिवारिक विवाद से वह परेशान होना शामिल है। एक ही परिवार के 4 सदस्यों की मौत की घटना ने आज सुबह गांव में सनसनी फैला दी। जिसके बाद से गांव में मातमी माहौल पसरा हुआ है।
खबर पर गुण्डरदेही थाना प्रभारी मयंक तिवारी दलबल समेत मौके पर पहुंचे थे। उन्होने बताया कि खबर पुलिस को आज सुबह हुई। उन्होने बताया कि किसान गोविंद देशलहरे और उसकी पत्नी दुर्गा बाई के बीच विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर गोविंद देशलहरे ने पहले पत्नी दुर्गा बाई की हत्या की, फिर बारी-बारी से अपने तीन बच्चों पर हमला किया और खुद फांसी लगाकर जान दे दी। हमले में पुत्र जीतेश और पुत्री पल्लवी की मौके पर ही मौत हो गई। बड़ी पुत्री शालिनी को गंभीर चोंटे आने से मेकाहारा में भर्ती करवाया गया है। घटना की खबर मिलने पर दादी घर पहुंची और उसने घायल शालिनी को ग्रामीणों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। बहरहाल इस खौफनाक घटना का राज जानने गुण्डरदेही पुलिस मृतक की भांजी और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *