मानसून के लिए करना होगा थोड़ा और इंतजार

 

भोपाल, प्रदेश वासियों को झमाझम बारिश के लिए अभी दो-चार दिन और इंतजार करना होगा।मानसून कापी धीमी गति से आगे बढ़ रहा है। अनुमान है कि यह 20 जून के आसपास भोपाल में दस्तक देगा। फिलहाल, लोगों को गर्मी और उमस से दो-चार होना पड़ेगा। मालूम हो कि मौसम केंद्र ने पूर्व में 16 जून के आसपास मानसून आने की संभावना व्यक्त की थी, लेकिन प्रतिकूल स्थिति बनने की वजह से यह आगे नहीं बढ़ रहा है। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि मानसून अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों ओर से धीमा हो गया है। यह दक्षिणी छत्तसगढ़ तक तो आ गया है लेकिन हवा का रुख और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थिति नहीं है। बीच में गैप होने की वजह से यह मजबूती से आगे नहीं बढ़ पा रहा है। इसकी गति बहुत धीमी है। हवा की दिशा भी अब तक सेट नहीं हो पाई है।
इधर, पिछले कुछ दिनों से बारिश न होने की वजह से धूप और गर्मी ने लोगों को फिर परेशान करना शुरू कर दिया है। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। दिन में तेज धूप निकली रही। उमस भी बनी रही। इधर, मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा। गुरुवार को शहर के कुछ हिस्सों में वर्षा या गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
इस संबंध में मौसम केन्द्र के निदेशक ड़ा अनुपम काश्यपि का कहना है कि मानसून अब 20 जून के आसपास आने की संभावना है। इसके आगे बढ़ने की गति धीमी है। विंड पैटर्न सेट होने में थोड़ा समय लगेगा। फिलहाल, तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी। यह लगभग स्थिर रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *