अरब सागर में डूब रहे जहाज से तटरक्षक बल ने 27 को बचाया

मंगलुरु,अरब सागर में एक डूबते जहाज पर सवार सभी २७ लोगों को तटरक्षक बल ने बचा लिया है। बताया जा रहा है कि यह जहाज दक्षिण कन्नड़ जिले में उल्लास तट के करीब डूब रहा था। तटरक्षक बल को शनिवार शाम करीब ४.४५ बजे आइबिस नामक जहाज के डूबने की जानकारी मिली थी। ६५.५८ मीटर लंबे और ३२ मीटर चौड़े इस जहाज पर चालक दल के २७ सदस्य सवार थे। पहले जहाज पर ३३ लोगों के मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद आइसीजीएस अमर्त्य पोत को घटनास्थल की ओर रवाना किया गया। बचाव अभियान के दौरान चार लोगों को शनिवार रात और बाकी २३ को रविवार सुबह बचाया गया। रात में खराब मौसम के चलते अभियान को रोक दिया गया था। दूसरे दिन सुबह इसे दोबारा चलाया गया। जहाज पर फंसे लोगों को निकालने के लिए रबर बोट जेमिनी का सहारा लिया गया। पहले उन्हें हेलीकॉप्टर से निकालने की योजना बनाई गई थी। आइबिस उस समय डूबने लगा जब वह पुराने मंगलुरु पोर्ट से दक्षिण में समुद्री निगरानी अभियान पर था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *