सहारनपुर बॉर्डर पर पुलिस ने राहुल का काफिला रोका, पैदल ही आगे बढ़े

सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में भड़की हिंसा प्रभावितों से मिलने के लिए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पहुंचे। प्रशासन के रोकने के बावजूद राहुल सहारनपुर पहुंचे। यहां पर राहुल ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कश्मीर की अशांति जिक्र करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी जम्मू-कश्मीर में देशद्रोहियों को जगह दे रहे हैं। राहुल ने कहा कि कांग्रेस ने कश्मीर में शांति लाने के लिए दस साल तक काम किया। राहुल गांधी को पुलिस ने रास्ते में ही रोक लिया इसलिए एक ढाबे पर बैठकर उन्होंने मीडिया को संबोधित किया। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा, देश का हर ऐसा इंसान जो शक्तिशाली नहीं है वह डरा हुआ है और यह देश चलाने का तरीका नहीं है। आज के हिंदुस्तान में गरीब, कमजोर के लिए जगह नहीं है। दलितों को दबाया जा रहा है, ये पूरे हिंदुस्तान में हो रहा है। राहुल ने कांग्रेस शासन की याद दिलाते हुए कहा, जम्मू-कश्मीर जल रहा है, हम शांति लाए थे। जो देशद्रोही हैं उनको नरेंद्र मोदी जी जम्मू-कश्मीर में जगह दे रहे हैं। सहारनपुर में हिंसाग्रस्त इलाके का जायजा लेने पहुंचे राहुल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर जब शांत होता है तो हिन्दुस्तान को फायदा होता है और हिंसा होती है तो पाकिस्तान को फायदा होता है। राहुल ने कहा कि ये काम मोदी जी कर रहे हैं। सहारनपुर जाने को लेकर राहुल गांधी और जिले के डीएम व एसपी से बहस भी हुई। राहुल ने डीएम से पूछा कि क्या उनके जाने से वहां का माहौल खराब हो जाएगा तो डीएम ने कहा कि दस दिन बाद वह खुद उनको लेकर चलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *