इंदौर में पुलिस हाउसिंग बोर्ड की 15 मंजिला इमारतों का भूमि-पूजन

भोपाल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस की सजगता के कारण आज पूरा प्रदेश शांति का टापू बना हुआ है। माताएँ-बहनें निर्भीक रूप से कहीं भी आ-जा सकती हैं। पुलिस के जवान प्रदेश में शांति, कानून और व्यवस्था बनाये रखने में अपना योगदान दे रहे हैं। उनके परिवार के लिये आवास और अन्य सुविधाओं को उपलब्ध करवाने का कार्य प्रदेश सरकार का है। पुलिस जवानों के लिये 25 हजार मकान स्वीकृत किये गये हैं। दो वर्ष में ही यह 15 मंजिला इमारतें तैयार की जायेंगी। आधुनिक तरीके से इन इमारतों का निर्माण किया जा रहा है। इसमें सर्व-सुविधायुक्त व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी।
यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पुलिस हाउसिंग बोर्ड कार्पोरेशन के महेश गार्ड लाइन इंदौर स्थित 15वीं बटालियन में भूमि-पूजन कार्यक्रम में कही।
चौहान ने कहा कि पुलिस जवानों के बेटा-बेटी की उच्च-स्तरीय पढ़ाई के लिये आवश्यकता होने पर सरकार संसाधन के साथ राशि भी उपलब्ध करवाने के प्रयास करेगी। पुलिस का जवान अपने कर्म से समाज-सेवा के लिये 24 घण्टे क्रियाशील रहता है। परिवार और बच्चे-बच्चियों को पूरा समय नहीं दे पाता है। पुलिस की नौकरी वास्तव में समाज-सेवा का सबसे बड़ा उदाहरण है।
पुलिस महानिदेशक ऋषि शुक्ला ने पुलिस परिवार के लिये 25 हजार मकान स्वीकृत करवाने के लिये मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 12 हजार से अधिक पुलिस जवानों की भर्ती की जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाये रखना एक महती जिम्मेदारी है, जिसे पुलिस जवानों ने बेहतर तरीके से निभाया है।
पुलिस हाउसिंग बोर्ड के महानिदेशक सरबजीत सिंह ने कहा कि प्रदेश में पहली बार 15 माले की बहुमंजिला इमारत का निर्माण इंदौर में किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट से 944 मकान पुलिस को उपलब्ध करवाये जायेंगे। यह प्रोजेक्ट पूरी तरह ईको-फ्रेण्डली है, जिसमें सौर उर्जा के माध्यम से विद्युत सप्लाई की व्यवस्था की जायेगी। यह दो वर्ष में पूर्ण होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *