मेले से लौट रहा परिवार दुर्घटना का शिकार,5 मरे

उज्जैन, उन्हेल थाना पुलिस ने बताया कि ग्राम मालीखेड़ी में रहने वाले एक परिवार के सदस्य उन्हेल में मेला देखने आए थे। जहां से मैजिक क्रमांक एमपी-13 टीए 3052 में सवार होकर पुन: घर लौट रहे थे। मालीखेड़ा फंटे पर मैजिक के पहुंचते ही पीछे से तेज रफ्तार में आई स्वीफ्ट मारुति कार क्रमांक एमपी-13 सी 2456 ने मैजिक को जोरदार टक्कर मार दी।
दुर्घटना में दोनों वाहन पलटी खा गए। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मोना पति गोपाल 22 वर्ष, इंदिरा पति रतन 22 वर्ष, वर्षा पिता गोपाल 2 वर्ष, महेश पिता रतनलाल 1 वर्ष और दिलीप पिता मोहनलाल 10 वर्ष की मौत हो गई। 11 लोग बुरी तरह जख्मी हुए हैं, जिसमें 9 महिला और 2 पुरुष शामिल हैं। कुछ घायलों को उपचार के लिए उन्हेल स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है वहीं कुछ घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। प्रधान आरक्षक के अनुसार दुर्घटना में मौके पर तीन लोगों की मौत हो गई थी। जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए उन्हेल शासकीय अस्पताल भेजा गया। दो घायल की मौत उपचार के दौरान उज्जैन में होना सामने आया है। मालीखेड़ा फंटे पर हुई भीषण दुर्घटना के बाद जोरदार धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण एकत्रित हो गए। जिन्होंने घायलों को पलटे वाहनों से निकालने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी बचाव और राहत कार्य के लिए पहुंच गई थी। घायलों को एम्बुलेंस और ग्रामीणों की मदद से तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि स्वीफ्ट कार का चालक दुर्घटना के बाद मौके से भाग निकला था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *