पुणे,स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने कहा है कि विवाह का सही समय आ गया है और वह दिसंबर में अपने साथी पी कश्यप के साथ विवाह बंधन में बंध जाएंगी। साइन ने कहा कि 16 दिसंबर को उनकी शादी हो सकती है क्योंकि 20 दिसंबर से वह प्रीमियर बैडमिंटन लीग में व्यस्त हो जाएंगी और उसके बाद टोक्यो खेलों के क्वॉलिफायर मुकाबले शुरू हो जाएंगे इसलिए उन्होंने अपनी शादी के लिए 16 दिसंबर की तारीख को तय किया है।
कश्यप के साथ अपने रिश्ते के बारे में साइना ने कहा कि वे दोनों 2007-08 से बड़े टूर पर साथ जाने लगे थे। उन्होंने कई टूर्नामेंट साथ खेले और इस दौरान ट्रेनिंग ली पर कभी शादी के बारे में नहीं सोचा था क्योंकि तब दोनों ही अपने-अपने करियर को लेकर व्यस्त रहते हैं। साइना ने कहा कि उन्हें लगता है कि वे दोनों अब शादी की जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार हैं।
कश्यप ने साइना की ट्रेनिंग में भी मदद की थी। साइना ने कहा कि दोनों एक दूसरे का हौसला बढ़ाते रहते हैं। साथ ही साइना को अपने अभिभावको को कुछ बताना नहीं पड़ा क्योंकि उन्हें पहले से ही सब पता था। हार के बाद अपनी आलोचनाओं पर साइना ने कहा कि वह खुद भी लोगों की आलोचना करती हैं और आलोचना जिंदगी का एक हिस्सा है। साथ ही साइना ने सिंधु की भी तारीफ की और कहा कि सिंधु के साथ उनकी तुलना उन्हें और मेहनत करने को प्रेरित करती है।