केन्द्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के कार्यक्रम में भिड़े कांग्रेसी और भाजपाई, चलीं कुर्सियां

पटना,केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री और बक्सर से सांसद अश्विनी चौबे के एक कार्यक्रम में भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे हेल्थ वेलनेस सेंटर का उद्घाटन करने के लिए बक्सर पहुंचे थे। उनके साथ मंच पर कांग्रेस विधायक संजय तिवारी भी बैठे थे। हेल्थ वेलनेस सेंटर को लेकर दोनों में तकरार शुरू हुई तो कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। दोनों ने जम कर एक दूसरे पर कुर्सियों से वार किए।
दरअसल, मंच पर बैठे बक्सर से सांसद अश्विनी चौबे और कांग्रेस के सदर विधायक संजय तिवारी के बीच हेल्थ वेलनेस सेंटर को लेकर तीखी नोकझोक शुरू हो गई। जिस हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का उद्घाटन सांसद अश्विनी चौबे ने किया, उसका पूरा काम बक्सर के कांग्रेस विधायक संजय तिवारी ने पूरा कराया है। कार्यक्रम के दौरान तिवारी ने दावा किया कि यह पूरा काम मेरा कराया हुआ है। भाजपा केवल इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रही है। सदर विधायक संजय तिवारी ने कहा कि इस अस्पताल को चालू कराने के लिए तत्कालीन शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी की पहल पर काम शुरु हुआ था। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं कई बार विधानसभा में इस संबंध सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा यह भाजपा के आयुष्मान भारत का हिस्सा नहीं है। उनके इतना कहते ही दीर्घा मे बैठे भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस मे भिड़ गए। मौके पर सदर एसडीपीओ और सदर एसडीओ ने सांसद को कार्यक्रम स्थल से सुरक्षित बाहर निकाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *