जबलपुर, खमरिया के ग्राम घाना निवासी एक महिला का एटीएम नम्बर पूछ कर १ लाख ६० हजार रुपये निकालने वाले आरोपी को पुलिस झारखण्ड से गिरफ्तार कर ले आई है। आरोपी से और भी वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
खमरिया पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम घाना निवासी ५६ वर्षीय श्रीमति सुभद्रा बाई गौंड के पति का देहांत हो जाने के बाद भारतीय स्ट्रेट बैंक खमरिया शाखा में उसकी फेमिली पेंशन आती थी। गत् १७ अप्रैल को एक अज्ञात व्यक्ति ने मोबाईल पर फोन करके अपने आपको बैंक अधिकारी बताकर ए.टी.एम. के आगे पीछे का नम्बर पूछकर एक लाख साठ हजार रूपये निकाल लिये थे। पुलिस ने विवेचना के दौरान बैंक एकाउंट का स्टेस्टमेन्ट बैंक से प्राप्त कर अज्ञात व्यक्ति द्वारा धोखाधड़ी कर निकाली गई राशि का सायबर सैल के माध्यम से पतासाजी करने पर खिरोधर मंडल पिता नीलकंठ मंडल उम्र २९ वर्ष निवासी ग्राम गोपाई थाना मुफ्फसिल जिला गिरिडिह (झारखंड) के बैंक आंफ इंडिया कोल्डिहा के बैंक एकाउंट के माध्यम से धोखाधड़ी कर राशि निकालने की जानकारी मिलने पर पुलिस की एक टीम झारखण्ड भेजी गई, जहां आरोपी ग्राम गोपाई निवासी खिरोधर मंडल को गिरफ्तार कर ट्रांजिक्ट रिमाण्ड पर जबलपुर लाया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर लिया गया। और भी इस प्रकार की ठगी के मामले मे पूछताछ हेतु ३ दिन के पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया है।