रोडवेज बस-डंपर की टक्कर में 12 मरे, 21 घायल

जयपुर,अजमेर जिले के तबीजी गांव में भयानक हादसा हो गया। यहां एक रोडवेज बस और डंपर में जबर्दस्त भिड़ंत हो गई। इस घटना में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार हादसा मांगलियावास थाना इलाके में तबीजी के पास सुबह करीब साढ़े दस बजे हुआ। वहां पाली डिपो की रोडवेज बस की एक डंपर से जबर्दस्त भिड़ंत हो गई। घटना में 12 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 21 लोग घायल हो गए। इस दौरान वहां हा-हाकार मच गई। घटना से गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से घायलों को तत्काल अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना पर शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी, जिला कलक्टर आरती डोगरा और पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र सिंह भी अस्पताल पहुंचे और घायलों की कुशलक्षेम पूछी। हादसे की शिकार हुई बस पाली से जयपुर जा रही थी। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे की भीषणता को देखते हुए मृतकों की संख्या और बढऩे की आशंका जताई जा रही है। शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी ने इस घटना पर दुख जताते हुए बताया कि घटना में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका शीघ्र उपचार शुरू करवा दिया गया। सरकार ने घटना में मृतकों के परिजनों को 50-50 हजार और घायलों के परिजनों को 10-10 रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। उधर प्रशासन ने पीडि़तों के बारे में जानकारी लेने के लिए 0145- 2628932 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।
भाजपा अध्यक्ष ने जताया दुख :-भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल सैनी ने रोडवेज बस डंपर की भीषण टक्कर में 12 की मौत 21 घायलों की वीभत्स दुर्घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि सरकार की ओर से तत्काल मृतक और घायलों के परिजनों को 50-50 व 10-10 हजार रूपये की आर्थिक दी गई है। सैनी ने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को मानवीय आधार पर घटनास्थल पर मदद करने का भी कहा उन्होने यहां तक कह दिया कि अगर ब्लड देने की की बारी आयेगी तो भारतीय जनता पार्टी ब्लड डोनेशन करने को तैयार है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *