चंडीगढ़,पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सभी सरकारी सेवाओं में कर्मचारियों की भर्ती से पहले डोप टेस्ट अनिवार्य कर दिया है। यही नहीं नियुक्ति के बाद भी सेवा के दौरान हर स्तर पर कर्मचारियों का डोप टेस्ट होगा।
सिंह ने राज्य में नशे की लत को लेकर चिंता जताने के साथ ही बुधवार को सरकारी कर्मचारियों और पुलिस में नियुक्ति से पहले डोप टेस्ट अनिवार्य करने का आदेश दिया। आदेश के मुताबिक सरकारी सेवा में नियुक्ति के हर स्तर पर यह टेस्ट अनिवार्य होगा। इस बारे में सीएम ने मुख्य सचिव को बदलाव करने के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि जल्द ही इसका नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा। खास बात यह है कि नियुक्ति के बाद भी पुलिसकर्मियों समेत सभी सरकारी कर्मचारियों का सेवा के प्रत्येक चरण में डोप टेस्ट होगा।
ज्ञात रहे कि इससे पहले मंगलवार को नशे की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए पंजाब सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए ड्रग तस्करों को फांसी की सजा देने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा है। यदि केंद्र इस प्रस्ताव को मंजूरी दे देता है तो प्रदेश में नशे का धंधा करने वालों पर कड़ी नकेल कसी जा सकेगी।